मुजफ्फरपुर कांड की पीड़ित 7 लड़कियां मोकामा शेल्टर होम से फरार

0

बाढ़/पटना : मुजफ्फरपुर शेल्टर होम कांड से जुडी पांच लड़कियों समेत कुल सात लड़कियां मोकामा स्थित शेल्टर होम से बीतीरातफरार हो गईं हैं। मोकामा नाजरथ अस्पताल द्वारा संचालित बालिका सुधार गृह से सात लड़कियां आज तड़के तीन बजे ग्रील काट कर भागी हैं। फरार होने वाली सात लड़कियों में से पांच मुजफ्फरपुर कांड की पीडि़ताएं हैं।
ये सभी लड़कियां पिछले चार-पांच महीने से उसी शेल्टर होम में रह रही थीं। सात लड़कियों के एक साथ फरार होने के बाद से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। पटना के डीएम भी मामले की जानकारी लेने वहां पहुंचे हैं।
ग्रामीण एसपी ने पूरे मामले की जानकारी ली जिसके बाद दोपहर होते-होते एसएसपी और डीएम भी मामले की जांच को पहुंचे। पता चला कि इस घटना से कुछ दिन पहले एक युवती ने अपनी कलाई भी काट ली थी जिसका कारण आपसी विवाद के तौर पर सामने आया था। फिलहाल फरार लड़कियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। प्रथम दृष्टया नाजरथ सोसायटी द्वारा संचालित एनजीओ की लापरवाही सामने आयी है। एनजीओ द्वारा संचालित बालिका गृह में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को भी जाने नहीं दिया जाता था। कई बार निरीक्षण के लिए गए पुलिस पदाधिकारियों को भी सोसायटी द्वारा संचालित एनजीओ के असहयोग का सामना करना पड़ा था। वरीय पदाधिकारी भी वहां निरीक्षण के लिए जाते थे तो नाजरथ सोसाइटी द्वारा संचालित एनजीओ के असहयोग का सामना करना पड़ता था। इधर एफएसएल की टीम मोकामा रिमांड होम रवाना हो चुकी है। सीआईडी की एक टीम को भी डॉग स्कॉयड के साथ रवाना किया गया है। डीएम कुमार रवि ने कहा है कि मिसिंग रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। हर बिन्दुओं पर जांच हो रही है। शेल्टर होम से फरारी के ताजा वाकये के बाद से बिहार में एक बार फिर से सुधार गृह की सुरक्षा में खामी उजागर हुई है।
(सत्यनारायण चतुर्वेदी)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here