निकाय चुनाव : कई दिग्गजों की बीवियां हारी, कटिहार में भाजपा MLC की पत्नी बनीं मेयर, पटना में सीता साहू आगे

0

चुनाव डेस्क : बिहार में नगर निकाय चुनाव में कई सीटों पर परिणाम आ चुके हैं जबकि बाकी कई सीटों के लिए काउंटिंग अंतिम चरण में है। अब तक के नतीजों के अनुसार जहां इस चुनाव में कई दिग्गजों की बीवियां चुनाव हार गईं हैं वहीं कई जीत की खुशी में गुलाल उड़ा रहे हैं। कटिहार में भाजपा एमएलसी की पत्नी मेयर चुनाव जीत गईं तो पटना में सीता साहू मेयर पद पर आगे चल रही हैं। वहीं समस्तीपुर में विधानसभा उपाध्यक्ष की पत्नी चुनाव हार गईं हैं। कटिहार में भी राजद के पूर्व मंत्री रामप्रकाश महतो की पत्नी मीना देवी बड़े अंतर से हारी हैं। सासाराम में बीजेपी से पांच बार विधायक रहे जवाहर प्रसाद की बहू भी मेयर पद से हार गई हैं।

आरा में हंगामा, काउंटिंग ठप, पटना का ये है अपडेट

इधर आरा में मतगणना के दौरान हंगामे की खबर है। बताया जा रहा है कि खाना के लिए वर्करों ने यह हंगामा किया है। मजदूरों ने अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। कर्मियों में आक्रोश है और मतगणना ठप हो गया है। वहीं पटना में मेयर पद से सीता साहू आगे चल रही हैं। यहां दूसरे नंबर पर अफजल इमाम की पत्नी मजहबी हैं। सीता साहू को अब तक 30322 वोट मिला है जबकि महजबी को 27242 वोट मिला है। पटना में मेयर पद की काउंटिंग के लिए 11 राउंड पूरा हो चुका है जबकि उप मेयर पद की काउंटिंग का 13 राउंड पूरा हो गया है। कुल 19 राउंड है जिसके बाद फाइनल रिजल्ट आ जायेगा।

swatva

भाजपा एमएलसी अशोक अग्रवाल की पत्नी बनीं मेयर

बीजेपी एमएलसी अशोक अग्रवाल की पत्नी ऊषा अग्रवाल कटिहार के मेयर पद का चुनाव जीत गईं हैं। कटिहार नगर निगम से 11वें राउंड में उन्हें कुल 39 हजार 975 मत प्राप्त हुए। यहां उन्होंने आरजेडी के पूर्व मंत्री रामप्रकाश महतो की पत्नी मीना देवी को बड़ी बढ़त से हराया है।

विस उपाध्यक्ष की पत्नी हारी, मोतिहारी में प्री​ती मेयर

समस्तीपुर नगर निगम से अनिता राम 26016 वोट लाकर मेयर चुनाव जीता। वहींं यहां विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी की पत्नी संध्या हजारी हार गईं हैं। उन्हें सिर्फ 13375 वोट ही मिला और वे तीसरे स्थान पर रहीं। इधर मोतिहारी नगर निगम से प्रीती गुप्ता मेयर चुनाव जीती हैं।

दरभंगा में अंजुम आरा बनीं मेयर, सुपौल-मधेपुरा का हाल

दरभंगा में 27606 वोटों के साथ अंजुम आरा मेयर पद का चुनाव जीत गईं हैं। वहीं 27596 वोटों के साथ नाजिया हसन दरभंगा नगर निगम की डिप्टी मेयर चुनी गईं। वहीं सुपौल में निर्मली नगर पंचायत से दुलारी देवी मुख्य पार्षद चुनी गईं जबकि ललिता देवी उप मुख्य पार्षद निर्वाचित हुईं। मधेपुरा में सर्जना सिद्धि मुरलीगंज की मुख्य पार्षद और आनंद कुमार उप मुख्य पार्षद चुने गए तो पूनम देवी सिंहेश्वर की मुख्य पार्षद चुनाव जीती व मो. परवेज आलम उपमुख्य पार्षद चुनाव जीते। बिहारीगंज में नीतू देवी मुख्य पार्षद बनी और गुड़िया कुमारी उप मुख्य पार्षद चुनी गईं हैं।

पटना में जेठानी से हार तो नालंदा में पूर्व मेयर जीती वार्ड चुनाव

पटना में वार्ड पार्षद चुनाव में श्वेता रंजन वार्ड नंबर 21 से जीत गई हैं। वह 3470 वोटों से जीती हैं। उन्होंने अपनी जेठानी को हराया है। वर्तमान पार्षद पिंकी कुमारी को 1456 वोट आए हैं। नालंदा में भी कई वार्ड का रिजल्ट आया जिसमें नगर निगम वार्ड संख्या एक से पूर्व मेयर वीणा कुमारी, वार्ड दो से संतोष पासवान की मां आशा देवी, वार्ड नंबर 20 से नेहा शर्मा की जीत हुई है। वहीं वार्ड नंबर 37 से संजय आजाद जीते हैं। वार्ड नंबर 21 से शोभा देवी की जीत हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here