MLA भाई, केंद्रीय मंत्री, डीजीपी-सभी को झकझोर गया सुशांत का इस तरह जाना…

0

पटना : फिल्‍म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी से समूचा बिहार सन्न रह गया। जैसे ही यह खबर पटना पहुंची, यहां उनके विधायक भाई नीरज कुमार बबलू बेचैन हो उठे। इसके अलावा बिहार की अन्य हस्तियों ने भी सुशांत की मौत की खबर पर हैरानी भरा दुख जाहिर किया। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय समेत उन्हें तमाम करीब से जानने वालों ने सुशांत के सुसाईड की खबर पर आश्चर्य जताया। सबका मानना था कि वह एक एनर्जेटिक और पॉजिटिव सोच वाले इंसान थे। उन्होंने क्यों यह कदम उठाया यह हैरानी भरा है।

यहां पटना में सुशांत सिंह की मौत पर उनके चचेरे भाई और भाजपा के सुपौल से विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि उन्‍होंने इस घटना के बारे में कभी सपने में भी नहीं सोचा था। यकीन नहीं होता। उन्होंने कहा कि 5 भाइयों में सबसे छोटा सुशांत बचपन से बहुत होनहार था। पूरा परिवार अपने इस सबसे छोटे सदस्य की मौत से गमजदा है। सुशांत के शव को मुंबई से पटना लाने की तैयारी की जा रही है।

swatva

इधर सुशांत सिंह की मृत्‍यु पर पटना के सांसद और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी दुख जताया। उन्‍होंने ट्वीट कर लिखा कि बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता सुशांत सिंह नहीं रहे। यह जानने के बाद से वह स्‍तब्‍ध हैं। वह मेरे शहर पटना से थे। शपथ ग्रहण के दौरान राष्‍ट्रपति भवन में उनसे हुई मुलाकात मुझे आज भी याद है। मुलाकात के दौरान, उन्‍होंने मुझे बताया था कि उनका परिवार पटना के राजीव नगर में रहता है। उसे बहुत आगे जाना था, लेकिन वह बहुत पहले चला गया।

इधर बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने सुशांत मौत पर ट्वीट कर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा—’मशहूर बॉलीवुड हस्ती सुशांत सिंह राजपूत का असमय जाना हृदय को झकझोर गया। व्यथित हूं। कितनी पीड़ा में प्राण निकले होंगे। सोच कर हृदय पिघलने लगता है। उनकी सद्गति और शांति के लिए उपवास और प्रार्थना करुंगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदनमोहन झा ने भी अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर शोक जताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here