मतदान केंद्र पर हुई झड़प में वोटर की मौत, पुलिस मूकदर्शक

0
deceased Malay Singh resident of Koilwar, Arrah

आरा : कोइलवर थाना अंतर्गत राजपुर गांव में दो गुटों के बीच झड़प हुई और ग्रामीणों की माने तो झड़प के दौरान पुलिस मौके पर मौजूद रही तथा मूकदर्शक बनी रही। झड़प के दौरान लाठी, डंडा, ईंट, पत्थर सब चले और इसमें राजापुर गांव के ही निवासी स्व. ईश्वर सिंह के 45 वर्षीय पुत्र मलय सिंह बुरी तरह घायल हो गए। मलय सिंह की मृत्यु पटना में इलाज के दौरान हो गयी। पुलिस ने हंगामे की आशंका को देखते हुए रविवार की रात को ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा दिया। इस मारपीट का राजद समर्थकों पर आरोप लगाया गया है।
यह घटना राजापुर गांव के बूथ संख्या 270 पर हुई। बताया जाता है कि एकतरफा वोटिंग होने की अफवाह पर दूसरे गांव के राजद समर्थक बूथ पर पहुंच गए तथा वोट दे रहे लोगों को लाठी, डंडे, ईंट, पत्थर से पीटने लग गए। इस घटना में लगभग आधा दर्जन वोटर घायल हो गए। इस घटना में वोटर मलय सिंह बेहद गंभीर रूप से घायल हो गए तथा उन्हें तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। परंतु, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। पीएमसीएच में रविवार के देर रात इलाज के दौरान मलय सिंह की मृत्यु हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे पुलिस वाले राजद के समर्थन में खड़े थे और इसीलिए मूकदर्शक बने रहे। प्रशासन के इस गैरज़िम्मेदाराना रवैये के प्रति स्थानीय लोगों में काफी रोष व्याप्त है।

Union Minister RK Singh and his supporters paid visit to the victim

घटना की जानकारी प्राप्त होते ही भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, पूर्व भाजपा विधायक आशा देवी सहित कई बीजेपी नेता घायल समर्थक से मिलने आरा सदर अस्पताल भी पहुंचे थे। इस घटना के बाद से आशा देवी ने प्रशासन की कार्यवाही पर भी गंभीर सवालिया निशान खड़ा किया था। उन्होंने प्रशासन की मौजूदगी में ये सारी घटनाएं होने की शिकायत भी की थी। सोमवार को आरके सिंह समेत भाजपा के सारे स्थानीय नेता मृतक के अंतिम दर्शन के लिए गए हैं।
(सुजीत सुमन)

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here