सासाराम-नालंदा-नौगछिया और अब गया, रामनवमी पर सुलग उठे कई शहर

0

पटना/नालंदा/भागलपुर : रामनवमी पर हुई हिंसा ने बिहार के कई शहरों को अपनी चपेट में ले लिया है। पहले सासाराम फिर नालंदा-बिहारशरीफ, फिर भागलपुर का नौगछिया और अब गया का बेला गंज और चाकंद। बेला गंज में दो समुदायों के बीच झड़प तो चाकंद में उपद्रवियों द्वारा पुलिस पर पथराव की खबर है। चाकंद में कई पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। इन सभी शहरों में भारी आगजनी, पथराव और हिंसा की खबर है। सासाराम और नालंदा में इंटरनेट को बंद करने के साथ ही धारा 144 लागू किया गया है। लेकिन भारी तनाव लगातार बना हुआ है। नौगछिया में भी रामनवमी जुलूस समापन व नवरात्रि मूर्ति विसर्जन के बाद लौट रहे लोगों पर दूसरे समुदाय द्वारा हमले से हिंसा फैल गया है। वहां भी भारी तनाव है।

गया में पुलिस पर पथराव, कई जवान घायल

बेला गंज और चाकंद में उपजे तनाव के बाद झड़प की खबर है। बेला गंज में जहां दो समुदायों के लोग रामनवमी जुलूस के बाद भिड़ गए। वहीं चाकंद के एक गांव में दो समुदायों के बीच झड़प को नियंत्रिक करने पहुंची पुलिस पर उपद्रवियों द्वारा पथराव की खबर है। चाकंद में कई पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं। आज शनिवार को चाकंद की सारी दुकानें और बाजार को बंद करा दिया गया है।

swatva

नालंदा में पथराव व फायरिंग, 5 घायल

नालंदा से प्राप्त रिपोर्ट में बताया गया है कि वहां हालात काफी खराब है। वहां पथराव के साथ फायरिंग की भी सूचना है। फायरिंग में कुल 5 लोग घायल बताये जाते हैं। आगजनी में जले हुए घरों और दुकानों के मलबे से आज शनिवार को भी धुआं उठता दिख रहा है। बिहारशरीफ शहर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है। नालंदा में उपद्रव की शुरुआत गगनदीवान मोहल्ले के पास रामनवमी जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प से हुई। गोलीबारी शुरू हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना और दोनों पक्षों के लोग पत्थरबाजी करने लगे। कई वाहनों, दुकानों और घरों में आग लगा दी गई। नालंदा का गगनदीवान, भारवपर और मुरारपुर मोहल्ला काफी प्रभावित है।

सासाराम-नालंदा में इंटरनेट बंद

सासाराम और नालंदा में अब तक कुल 45 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 18 सासाराम में और 27 नालंदा में पकड़े गए। राज्य मुख्यालय सूत्रों के अनुसार प्रदेश के सभी हिंसा प्रभावित शहरों में भारी तैनाती की गई है और वरीय अधिकारी वहां कैंप कर रहे हैं। सभी शहरों में हालाक काबू में बने हुए हैं। उधर हिंसा के चलते भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सासाराम में होने वाली रैली को भी स्थगित कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here