Swatva Samachar

Information, Intellect & Integrity

Featured Trending देश-विदेश

मुंबई अटैक के बाद PAK पर हमला न करना मनमोहन की अक्षमता : मनीष तिवारी

नयी दिल्ली : कांग्रेस के गांधी परिवार विरोधी असंतुष्ट गुट के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने 2008 में हुए मुंबई आतंकी हमलों को लेकर अपनी ही पार्टी के तब के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर बड़ा हमला किया। उन्होंने अपनी किताब ’10 Flash Points, 20 Years’ में खुलासा किया कि हमले के बाद पाकिस्तान पर कार्रवाई नहीं करना तब की कांग्रेस सरकार की कमजोरी साबित हुई। उन्होंने पीएम मनमोहन पर सवाल उठाते हुए लिखा कि मुंबई हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करके आपने अपनी कमजोरी को दर्शाया।

निर्णय लेने में कमजोर पड़ी तब की सरकार

मनीष तिवारी ने आगे किताब में लिखा कि तब की कांग्रेस सरकार को पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए थी। एक वक्त आता है, जब कार्रवाई शब्दों से ज्यादा बोलती है। 26/11 वह समय था, जब सख्त कार्रवाई होनी चाहिए थी। अपनी किताब में मनीष तिवारी ने मुंबई हमले की तुलना अमेरिका के 9/11 से करते हुए कहा है कि भारत को उस समय अमेरिका की तरह ही जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए थी।

20 वर्षों में भारत की चुनौतियों का विवरण

किताब के बारे में बताते हुए मनीष तिवारी ने कहा कि यह उनकी चौथी किताब होगी। इस किताब में पिछले 20 वर्षों में भारत ने जिन प्रमुख राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों का सामना किया है, उसका वर्णन किया गया है। इन सारी चुनौतियों में मुंबई आतंकी हमला ऐसा था, जिसपर हमने प्रतिक्रया देने में नाकामी दर्शायी थी। इसके लिए तब के पीएम मनमोहन सिंह को पहल करनी चाहिए थी। लेकिन इतने सबूत होने के बाद भी वे पाकिस्तान को सख्त संदेश नहीं दे पाये।

कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाने वाले नेता

मनिष तिवारी कांग्रेस में गांधी परिवार भक्तों से अलग राय रखने वाले गुट का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कांग्रेस में कन्हैया कुमार की एंट्री पर भी सवाल उठाए थे। पंजाब में हालिया राजनीतिक अस्थिरता को लेकर भी वे कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल दाग चुके हैं।श्री तिवारी की किताब पर भाजपा ने कहा कि उन्होंने 26/11 के बाद तब की यूपीए सरकार की पोल खोल कर रख दी है। क्योंकि एयर चीफ मार्शल फली मेजर ने भी कहा था कि इस हमले के बाद वायुसेना कार्रवाई करना चाहती थी, लेकिन यूपीए सरकार ने ऐसा नहीं करने दिया।