रामचरित मानस पर फिर मंडल v/s कमंडल, RJD व JDU में ठनी

0

पटना : नीतीश सरकार में शामिल राजद कोटे के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर का रामचरित मानस पर दिया विवादित बयान अब जेडीयू और आरजेडी के बीच सियासी दरार तक आ पहुंचा है। इस मुद्दे पर जहां प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद ने चंद्रशेखर का समर्थन करते हुए कहा कि कमंडल के आगे मंडल को हारने नहीं देंगे, वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर को उनके बयान पर जबर्दस्त फटकारा है।

बिहार की सियासत में लौटा लालू राज

रामचरित मानस को शिक्षामंत्री द्वारा नफरत फैलाने वाला ग्रंथ बताने के बाद बिहार की सियासत एक बार फिर लालू राज के मंडल बनाम कमंडल के मोड़ पर आ पहुंची है। यह वैसा ही मोड़ है जब नीतीश कुमार पहली बार लालू से अलग होकर एनडीए में चले गए थे। अब नौबत फिर कुछ उसी तरह की बन रही है। जदयू के मंत्री अशोक चौधरी ने शिक्षा मंत्री को आज शुक्रवार को नसीहत देते हुए कहा कि आप किस चीज को कहां बता रहे हैं यह भी बहुत जरूरी है।

swatva

रामायण चौपाई का संदर्भ समझें फिर बोलें

अशोक चौधरी ने कहा कि रामचरितमानस में चौपाई है। लेकिन वह किस संदर्भ में कही गई है, यह भी लोगों को बताइए। इस तरीके से अगर आप रामचरितमानस की चौपाई को लोगों के बीच में रखिएगा और आप प्रदेश के शिक्षा मंत्री हैं तो नौजवानों में भ्रम पैदा होगा। शुक्रवार को मंत्री अशोक चौधरी ने यह बातें एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं।

गोस्वामी तुलसीदास हिंदुओं के जनकवि

श्री चौधरी ने आगे कहा कि लोगों को हजारों साल से रामचरितमानस पर विश्वास है। महर्षि वाल्मीकि ने जब लिखा था तब रामचरितमानस इतना पॉपुलर नहीं हुआ। क्योंकि उनकी भाषा कठिन थी। इसके बाद जब तुलसीदास ने उसे जन-जन तक पहुंचाया तब यह भारत के घर—घर में लोकप्रिय हुआ। सबसे बड़ी बात कि रामचरितमानस में सबरी कौन थी? रामचरितमानस में वो नाविक और मल्लाह कौन थे जिन्होंने भगवान राम को नदी पार कराया।

शिक्षामंत्री गलत, महागठबंधन के इमेज पर असर

शिक्षामंत्री के बयान पर अशोक चौधरी ने कहा कि मुझे लगता है कि यह जल्दबाजी में दिया गया। रामचरितमानस सनातन हिंदुओं का धर्मग्रंथ है। इस पर बहुत से लोगों का विश्वास है। आज भी जो हिंदू परिवार है उसके यहां सुंदरकांड, रामचरितमानस का हर दिन पाठ होता है। वे रामचरितमानस की चौपाई को पढ़ते हैं। आप पहले ठीक से रामचरित मानस को पढ़ें और समझों। आपका बयान कहीं से उचित नहीं। आपने एक चौपाई कह दी और पूरे देश में सनसनी पैदा कर दी। इससे महागठबंधन के बारे में लोगों के बीच भ्रम पैदा हो रहा है कि हमलोग हिंदू और रामचरितमानस विरोधी हैं। नीतीश कुमार दुर्गा पूजा के समय पंडाल में जाकर घूमते हैं। क्या आपको पता नहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here