महागठबंधन में सीटों का ऐलान, लेकिन गतिरोध बरकरार

0

पटना : 2019 के संसदीय चुनावों में बिहार में कई दलों वाले महागठबंधन की सीटों का आज ऐलान हो गया। शरद यादव की पार्टी का राजद में विलय होगा और उन्हें राजद के टिकट पर चुनाव लड़ाया जाएगा।

राजद 20, कांग्रेस 9, रालोसपा 5, वीआईपी व हम को 3—3 सीटें

सीटों के ऐलान के अनुसार राज्य की कुल 40 सीटों में से 20 राजद, 9 कांग्रेस, 5 रालोसपा और 3 जीतन राम मांझी की हम को दी गई हैं। साथ ही मुकेश साहनी की वीआईपी पार्टी को 3 तथा सीपीआई-माले को एक सीट मिली है। साथ ही महागठबंधन ने पहले चरण की सीटों के लिए भी प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिये।

swatva

गया और औरंगाबाद में मांझी का उम्मीदवार

पहले चरण में गया और औरंगाबाद सीट से हम पार्टी के जीतन राम मांझी और उपेंद्र प्रसाद चुनाव लड़ेंगे। जबकि नवादा में राजद की विभा देवी और जमुई से रालोसपा के भूदेव चौधरी मैदान में उतरेंगे।
एक प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदनमोहन झा, राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, राजद प्रवक्ता मनोज झा आदि महागठबंधन के नेताओं ने यह जानकारी देते हुए कहा कि शीघ्र ही अन्य चरणों के उम्मदवारों का भी ऐलान कर दिया जाएगा।
राजद प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि लोजद पार्टी के प्रमुख शरद यादव राजद के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे। चुनाव के बाद लोजद का राजद में विलय हो जाएगा। उधर अंदरखाने से खबर आ रही है कि अभी भी महागठबंधन में कई सीटों को लेकर पेंच फंसा हुआ है।

कई सीटों पर अब भी पेंच, कोशिशें जारी

फिलहाल वैसी सीटें, जिनपर राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) व कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार तय कर लिए हैं, उन्हीं के सबंध में जानकारी दी गई है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक भाजपा के बागी सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा पटना साहिब सीट से तो कीर्ति आजाद दरभंगा से कांग्रेस के प्रत्‍याशी हो सकते हैं।
मालूम हो कि कांग्रेस सुप्रीमो राहुल गांधी व राष्‍ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्‍वी यादव के बीच हाई लेवल वार्ता के बाद बीते कुछ दिनों से जारी गतिरोध समाप्‍त हुआ।
इस बीच कुछ विवादित सीटों को लेकर फंसे मामले को सुलझाने की कोशिशें भी लगातार जारी हैं। कल देर रात राबड़ी आवास पर हुई बैठक में उपेंद्र कुशवाहा (रालोसपा) काराकाट सीट छोड़ने को राजी नहीं हुए। इस सीट पर माले का भी दावा है।
उधर, माले ने हर हाल में सिवान से उम्‍मीदवार उतारने की घोषणा कर राजद के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। मुकेश सहनी दरभंगा सीट चाहते हैं, जबकि कांग्रेस इस सीट को कीर्ति आजाद के लिए चाहती है। ऐसे में आज विवादित सीटों को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई। सहमति बनने के बाद इनकी घोषणा दूसरे फेज में की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here