लू से 4 और मरे, पूर्व सांसद सूरजभान ने किया दौरा

0

नवादा : प्रचंड हीट वेब का कहर नवादा में जारी है। आज चार और लोगों की लू से मौत हो गई। इसबीच लोजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद सूरजभान सिंह ने सदर अस्पताल पहुंच कर मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, सर्जिकल वार्ड और नशा मुक्ति वार्ड जाकर भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई गई व्यवस्था को देखा।
इसके बाद सीएस चैंबर में सिविल सर्जन, सदर एसडीएम से पूरे हालात की जानकारी ली। सिविल सर्जन डॉ. श्रीनाथ प्रसाद ने उन्हें बताया कि गया और औरंगाबाद की तुलना में नवादा जिले में स्थिति काफी नियंत्रित है।

पूर्व सांसद ने सीएस के अनुरोध पर सात कूलर उपलब्ध कराने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष शशिभूषण कुमार बबलू ने प्रचंड गर्मी के चलते लू से लोगों की हुई मौतों के बारे में जानकारी दी। साथ ही जिला व पुलिस प्रशासन के साथ-साथ समाजसेवियों की पहल से अवगत कराया।
पूर्व सांसद ने पत्रकारों से बातचीत के क्रम में कहा कि यह प्राकृतिक आपदा की घड़ी है। इस घड़ी में जिला व पुलिस प्रशासन, अस्पताल प्रशासन के साथ ही कई समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर मरीजों व उनके परिजनों की मदद की। इसके लिए सभी धन्यवाद के पात्र हैं।
मौके पर अंशुमान शर्मा, श्रीकांत सिंह, विकास कुमार राजा, रंजीत यादव, मनोज चंद्रवंशी, विकास कुमार, मनोज पचाढ़ा, सुबोध सिंह, सूरज सिंह, अजय सिंह, ओमप्रकाश आदि उपस्थित थे।

swatva

लू का कहर जारी, चार और मरीजों की हुई मौत

नवादा : तापमान में गिरावट के बावजूद नवादा में लू का कहर जारी है। बुधवार को सदर अस्पताल में चार और मरीजों की मौत हो गई। साथ ही लू से ग्रसित 8 नए मरीज इलाज के लिए भर्ती किये गए। मरने वाले लोगों में मेसकौर की बच्चिया देवी, मेसकौर प्रखंड अंतर्गत बारत के पूना राजवंशी, रोह प्रखंड के रोह की जयमंती देवी और सदर प्रखंड के गोनावां की मुन्नी देवी शामिल हैं। इनमें बच्चिया देवी व पूना राजवंशी के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
वहीं सदर प्रखंड के पछियाडीह के प्रियांशु कुमार, पौरा गांव के सुनील कुमार, राम नगर की विभा देवी, नवीन नगर की आशा देवी, अंसार नगर के सिमि परवीन, नारदीगंज प्रखंड के ओड़ो गांव निवासी मोती खान, रजौली प्रखंड के रजौली निवासी गायत्री देवी व पकरीबरावां प्रखंड के जम्हरिया गांव निवासी मो. अब्दुल सलाम को इलाज के लिए सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया। वहीं मंडल कारा में बंद कैदी सोनू कुमार को भी मंगलवार की रात लू से पीड़ित हालत में सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया। इस तरह सदर अस्पताल में अबतक 20 लोगों की मौतें हुई हैं। वहीं जानकारी के अनुसार अबतक कुल 129 मरीजों का इलाज सदर अस्पताल में किया गया है। अभी भी कई मरीज सदर अस्पताल में भर्ती हैं। जिसमें बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग शामिल हैं।
बता दें कि जिले में पिछले कुछ दिनों से लू का कहर जारी है। समाज का हर तबका इससे परेशान है। तापमान में गिरावट होने के बाद मरीजों की संख्या में कमी आई है।

लू से मृत आश्रित को मुआवजा देने का आदेश

नवादा : नवादा डीएम कौशल कुमार ने एक बैठक कर लू से मृत व्यक्तियों के आश्रितों को मुआवजा एवं सुविधा देने का आदेश दिया। सभी अंचलाधिकारी को संबोधित करते हुए डीएम कौशल कुमार ने बारी-बारी से प्रखंडवार समीक्षा की। जिले भर में भीषण गर्मी एवं लू चलने के कारण जिन व्यक्तियों का निधनहो गया है, उनको चार लाख का मुआवजा शीघ्र उपलब्ध करायी गयी। (1) कृष्ण नंदन सिंह, नवादा (2) श्रीदेवी उर्फ सियावती देवी, कादिरगंज, नवादा(3) असलम खान, बुन्देलखंड, नवादा (4) सीताराम प्रसाद, भागो विगहा, नारदीगंज (5) चंद्रिका पाण्डेय, नारदीगंज (6) मदन सिंह कौआकोल (7)श्री रामस्वरूप मोची, कौआकोल (8) मदनमोहन लाल, हिसुआ (9) देवशरण पण्डित, गोविन्दपुर (10) बाबूलाल सिंह, रोह। इन व्यक्तियों की मृत्यु लूलगने के कारण हुई है। हर तबके के लोगों को भीषण गर्मी के कारण दिनचर्या के दर्मियान लू लगने से मृत्यु हुई। डीएम कौशल कुमार ने मृत व्यक्तियों के आश्रितों को पेय जल की सुविधा, आवास की सुविधा के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रभावित व्यक्ति के परिजन की समाजिक एवं आर्थिक स्थिति से अवगत हुए। सभी संबंधित अंचलाधिकारी द्वारा भौतिक सत्यापन के बाद।उनके रहन-सहन के बारे में जाना। उन्होंने कहा कि प्रभावित व्यक्ति के परिजन को पेयजल की सुविधा, आवास की सुविधा, जिसपर परिवार आश्रित है, आदि विषय के कमी को पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने नल जल की व्यवस्था के बारे मेंभी विस्तृत जानकारी ली। अभी तक जिले भर में 23 स्थानों पर टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा है। कुछ जगहों पर चापाकल निर्माण की भी बात कही गयी है।

नवादा में दोपहर को बंद रही दुकानें, सड़कों पर सन्नाटा

नवादा : लू के जारी कहर के बीच दोपहर में नवादा शहर की अधिकांश दुकानें बंद रहीं। प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए दुकानदारों ने अपनी स्वेच्छा से दुकानों को बंद रखा। जिसके चलते बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। काफी कम संख्या में लोग सड़कों पर नजर आए। हालांकि तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई थी। बीच में हल्के-फुल्के बादल भी आसमान में छाए। लेकिन कई दुकानदारों ने सरकारी निर्देशों का पालन किया।
नगर के विजय बाजार, पुरानी कचहरी रोड, प्रजातंत्र चौक के आसपास के इलाके में कई दुकानों के शटर गिरे रहे। वहीं बाजार में काफी कम संख्या में लोग पहुंचे। जरुरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे थे। फिर शाम ढलने पर दुकानों के शटर खुले और बाजार में चहल-पहल दिखाई पड़ी। प्रशासन की ओर से दिन में दुकानों को भी बंद करने का आदेश दिया गया है।

11 बजे से 5 बजे तक काम नहीं करेंगे श्रमिक

23 जून तक दिन में 11 बजे से शाम 5 बजे तक श्रमिकों से काम नहीं लेना है। डीपीआरओ गुप्तेश्वर कुमार ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि तापमान में वृद्धि के चलते राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है। खुले धूप में काम करने से मजदूरों को लू लगने की संभावना है।
ऐसे में राज्य व केंद्र सरकार के कार्य एजेंसी और निजी नियोक्ता को श्रमिकों से दिन में 11 बजे से शाम 5 बजे तक काम नहीं लेने का निर्देश दिया गया है। सुबह 6 से 11 बजे और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक काम लिया जा सकता है। लेकिन मजदूरी में किसी प्रकार की कटौती नहीं करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here