ललन सिंह का भव्य रोड शो, उमड़े समर्थक

0

बाढ़ (पटना) : सूबे के जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के पक्ष में राजग कार्यकर्ताओं ने आज बाढ़ में भब्य रोड शो किया। इस रोड शो में सैकड़ों गाड़ियां, मोटरसाइकिल और हजारों समर्थक शामिल थे। लोकसभा चुनाव की दस्तक होते ही मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गयी हैंं। मुंगेर से मोकामा के बाहुबली निर्दलीय विधायक अनन्त सिंह द्वारा चुनाव लड़ने की खुली चुनौती दिये जाने से सत्तारुढ़ दल में खलबली मची हुई है। इसके पूर्व बाहुबली निर्दलीय विधायक अनन्त कुमार सिंह ने अपने काफिले के साथ रोड़ शो करके शक्ति प्रदर्शन किया था। अब जल संसाधन मंत्री ललन सिंह के समर्थकों ने उनके पक्ष में खूब नारे लगाये। इस रोड शो में ललन सिंह के साथ जदयू प्रवक्ता एवं विधान पार्षद नीरज कुमार सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला और मंत्री ललन सिंह को विकास पुरुष बताया। प्रवक्ता नीरज सिंह को कार्यकर्ताओं ने फूल—मालाओं से लाद दिया। वहीं जलगोविंद गांव में इब्राहिमपुर की मुखिया मीरा कुमारी ने भीड़ का नेतृत्व करते हुए मंत्री ललन सिंह की जीत का दावा किया। इब्राहिमपुर पंचायत की मुखिया मीरा देवी और जिला पार्षद सिहंता देवी ने इस रोड शो में शामिल होकर मंत्री ललन सिंह को जिताने की लोगों से अपील की। जलगोविंद गांव में काफी संख्या में महिलाओं ने माला पहनाकर मंत्री ललन सिंह का स्वागत किया। ललन सिंह के रोड शो के आगे-आगे सैकड़ों मोटरसाइकिल एवं वाहनों का काफिला चल रहा था और उनके समर्थन में खूब नारेबाजी हुई । इस रोड शो को एक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।आपको बता दें कि इब्राहिमपुर पंचायत की मुखिया मीरा देवी के पति अरविंद कुमार उर्फ भगत मुखिया का एक जाति विशेष पर खासा प्रभाव है। जिसे लेकर इस रोड शो को राजनीतिक दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here