क्या उपेंद्र की भरपाई कर सकेंगे शकुनि चौधरी? जन्मदिन के बहाने भाजपा का मिशन ‘कुश’

0

पटना : पटना के विद्यापति भवन में बिहार के दिग्गज़ नेता शकुनि चौधरी का 83वां जन्मदिन धूम-धाम से मनाया गया। हज़ारों कार्यकर्तओं और समर्थकों के बीच शकुनि चौधरी काफी खुश दिख रहे थे। इस अवसर पर बिहार सरकार के कई मंत्री, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। लेकिन यहां यक्ष प्रश्न यह उपस्थित हो रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा के एनडीए छोड़ने से जो कमी भाजपा महसूस कर रही है, उसकी भरपाई क्या शकुनी चौधरी कर पायेंगे। कुश वोटरों को भाजपा के पक्ष में वे क्या मोड़ पायेंगे?
शकुनी के जन्मदिन के मौके पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने 130 करोड़ की लागत से मुंगेर सदर अस्पताल के निर्माण की घोषणा भी कर दी। घोषणा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि करीब 300 बेड भी बनाये जाएंगे। मुंगेर सदर अस्पताल काफी पुराना हो चुका है इसके नवीनीकरण की सभी तैयारियां कर ली गईं हैं सिर्फ कैबिनेट से हरी झंडी मिलने का इन्तज़ार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले 15 दिनों के भीतर इसे स्वीकृति मिल जाएगी। उन्होंने शकुनि चौधरी को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि सामाजिक-राजनैतिक जीवन में शकुनि जी ने जो किया वह आगे भी जारी रहना चाहिए। उन्होंने बार-बार शकुनि चौधरी से राजनीतिक रूप से पुनः सक्रिय होने की गुजारिश की। वहीं पथनिर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने शकुनि चौधरी के जन्मदिन पर पटना स्थित उनके आवास जाने वाली सड़क का अगले माह से निर्माण शुरू करने की घोषणा कर दी। नंद किशोर यादव ने उन्हें अपना समधी बताते हुए कहा कि शकुनि चौधरी किसानों—मज़दूरों के लिए आवाज़ बुलंद करते रहे हैं। नंदकिशोर यादव ने कहा कि जो लोग खेती दूसरों से करवाते हैं, वैसे बटाईदारों को भी बिहार सरकार सब्सिडी देने का काम कर रही है।किसानों को देश की रीढ़ की हड्डी बताते हुए उन्होंने कहा कि यदि किसानों के जीवन में परिवर्तन नहीं आता है तो देश भी विकास नहीं कर सकता है। मिट्टी की जांच करके उस मिट्टी में कौन से पोषक तत्व की कमी है, इसका पता लगाकर किसानों को बताने का काम भी बिहार सरकार कर रही है। विधयाक संजीव चौरसिया ने कहा कि शकुनि चौधरी के जीवन से नौजवानों को सीखना चाहिए कि कैसे देश की सीमा से लड़ते हुए आज राजनीति में इन्होंने सफलता पाई।श्रम मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि शकुनि चौधरी भले ही अलग-अलग दलों में रहे हों लेकिन हमेशा इन्होंने अच्छे आदमी का साथ दिया है। उन्होंने कहा कि देश में सारे भ्रष्टाचारी एक साथ इकट्ठे हो रहे हैं। लेकिन इस उम्र में भी शकुनि चौधरी नौजवानों के बीच आकर अपनी बात कहते हैं। जो अपने लिए जिए वो ज़िंदगी। जो दूसरों के लिए जिये वही ज़िंदगानी। भाजपा नेता विनोद झा ने कहा कि किसानों की असली समस्या यदि कोई समझता है तो वो कुशवाहा समाज ही है। आज कोई भी आकर देख सकता है कि कैसे कुशवाहा लोग सबसे अच्छी खेती करते हैं और सुखी रहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार रात दिन यही सोचती है कि कैसे किसानों की आय दोगुनी की जाय। वहीं बिहार भाजपा के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि शकुनि चौधरी ने एक फौजी के रूप में 1965 और 1971 कि लड़ाई भी लड़ी है। हम लाहौर तक पहुंच गए थे और लाहौर को खोने का गम भारत कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि वो दिन दूर नहीं जब पाक अधिकृत कश्मीर भारत का हिस्सा होगा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भगवान राम का मंदिर बनकर रहेगा। बिहार सरकार के कृषि मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि हमने तीन कृषि रोड मैप तैयार किये हैं। पहला 2005 में दूसरा 2012 में तीसरा 2017 में। प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार सरकार किसानों को ट्रेनिंग दे रही है कि कैसे कम पानी में भी खेती की जा सकती है।

(मानस दुबे)

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here