खाद की डिमांड कर रहे किसानों को पुलिस ने पीटा, नवादा-जमुई पथ जाम

0

नवादा : नवादा जिले के पकरीबरांवा प्रखंड मुख्यालय अवस्थित व्यापार मंडल के समीप उस समय अजीबोगरीब स्थिति उतपन्न हो गई जब पकरीबरावां पुलिस ने किसानों को खदेड़-खदेड़ कर लाठियां बरसानी प्रारम्भ कर दी। इसके विरोध में किसानों ने नवादा-जमुई पथ को घंटों जाम कर दिया और पुलिस के विरोध में नारेबाज करते हुए प्रशासन पर दादागीरी करने का आरोप लगाया।
बताया जाता है कि प्रखंड के किसान खाद लेने के लिये प्रतिदिन की भांति सोमवार को भी व्यापार मंडल पंहुचे। वहां जब यह सूचना प्रबंधक विक्रांत विश्वास के द्वारा दी गयी कि खाद का वितरण आज नहीं होगा तो आठ-दस दिनों से खाद के लिए भटक रहे किसानों का सब्र टूट गया। धीरे-धीरे किसानों की भीड़ आपे से बाहर होने लगी जिसके कारण धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान कई किसान व्यापार मंडल की खिड़की व किवाड़ पटकने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां एसआई पवन रावत अपने दल-बल के साथ पहुंचे व किसानों को समझाने की कोशिश की। लेकिन किसान खाद की मांग पर अड़े रहे। फिर क्या था, पुलिस ने डंडा भांजना शुरू कर दिया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के इस तांडव से आक्रोशित किसानों ने नवादा-जमुई पथ को ही व्यापार मंडल के समीप जाम कर दिया। जाम कर रहे किसानों पर पुलिस का एक बार फिर हमला हुआ। किसान भी अड़ गए और पुलिस के द्वारा की गई करवाई के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे।
काफी मशक्कत के बाद जाम को हटाया गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस जाम के कारण दोनो तरफ से कई दर्जन वाहन जाम में फसे रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here