कहीं दो शादियां तो नहीं बनी एएसआई की हत्या की वजह?

0

भगवानपुर हाट, सिवान : भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सकरी बाजार निवासी व बक्सर जिले के डुमरांव थाना में पोस्टेड एएसआई अवधेश चौधरी का शव महराजगंज थाना क्षेत्र के तकीपुर गांव के समीप चंवर में मिलने के बाद हत्या के कारणों को लेकर चर्चाओं का बाजार गरम है। परिजनों एवं ग्रामीणों ने वैसे तो कुछ ठोस नहीं बताया, लेकिन लोगों ने उसकी दो शादियां होने की चर्चा जरूर की।

पहली बीवी के भरण—पोषण के लिए हुई थी पंचायत

एएसआई के पुत्रों के अनुसार उनके परिवार से किसी का झगड़ा नहीं था। पड़ोसियों एवं ग्रामीणों के अनुसार स्व. चौधरी ने दो शादियां की थी, जो उनकी हत्या की वजह हो सकती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मारा गया एएसआई दूसरी बीवी को वह ज्यादा समय देता था। पहली बीवी के साथ कई बार भरण पोषण करने के लिए पंचायत बुलाई गई जिसमें वह पंचों के निर्देश पर पहली बीवी को खर्चा देता था। पहली बीवी अपने चार पुत्रों एवं एक बेटी के साथ सकरी में रहती है। जबकि दूसरी बीवी को महराजगंज में रखने की बात सामने आई है।

swatva

बेटी की शादी के लिए आया था घर

लोगों की मानें तो सहायक अवर निरीक्षक स्व. चौधरी मंगलवार को लंबे दिनों बाद सकरी स्थित अपने घर आए थे। ऐसा माना जा रहा है कि वह बड़ी पत्नी से पैदा हुई पुत्री की शादी करने के लिए बातचीत करने घर आये थे। कुछ लोगों का कहना है कि एएसआई ने रात का भोजन अपने पिता जगरनाथ चौधरी एवं मां बसंती देवी के घर जाकर किया था। इसके बाद वह अपने दलान में आकर सो गया था। जिस दलान में वह सोया हुआ था, उस दलान में सभी समान तीतर—बितर था। ऐसा मना जा रहा है कि उसकी हत्या उसके बिस्तर पर ही गला दबा कर दी गयी था। बाद में उसका हाथ—पैर बांध कर शव को फेंक दिया गया। अपराधियों ने बड़ी ही बारीकी से उसकी हत्या की है।
वहीं उसके पुत्र पंकज का कहना है कि वह पूरे परिवार के साथ खाना रात में खाए थे। करीब रात ग्यारह बजे तक बहन की शादी को ले आपस में चर्चा हुई। उसके बाद वह सो गए। सुबह जब बिस्तर पर नहीं मिले तो संदेह हुआ कि टहलने गए होंगे। लेकिन कुछ देर बाद खबर आयी कि उनका शव तकीपुर में फेंका हुआ है।

सकरी गांव में पसरा मातमी सनाटा

सिवान : सहायक अवर निरीक्षक अवधेश चौधरी का शव महराजगंज थाना क्षेत्र के तकीपुर गांव के समीप चंवर में मिलने की खबर आते ही सकरी गाव में कोहराम मच गया। इस खबर से पूरा गांव सकते में आ गया और वहां मातमी सन्नाटा पसर गया। खबर मिलते ही गांव के अधिकतर लोग तकीपुर के लिए कूच कर गए। तकीपुर और सकरी के बीच चार किलोमीटर की दूरी बताई जाती है। अवधेश चौधरी मंगलवार की शाम ही घर आया था। रात में खाना खाने के बाद वह घर के सामने बने दलान में सो गया। सुबह उसका शव तकीपुर में मिलने की खबर आयी। पति की हत्या की खबर सुनकर पत्नी बृजा देवी अपने चार पुत्रों पंकज कुमार, बबलू कुमार, सोनू कुमार, विकास कुमार एवं एक पुत्री पूजा कुमारी के साथ घटना स्थल पर पहुंची और शव की शिनाख्त की।

घटना की खबर मिलते ही पैक्स अध्यक्ष बबन तिवारी, बीडीसी सदस्य हरिकिशोर चौधरी, पूर्व बीडीसी सदस्य पप्पू कुशवाहा सहित अन्य ग्रामीणों ने वहां पहुंच कर परिजनों को सांत्वना दी।

अवधेश शर्मा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here