जहानाबाद के मुखिया से पीएम मोदी ने की बात, गांव-घर की ली जानकारी

0

पटना/नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को बिहार के जहानाबाद जिले के एक मुखिया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बात की और उनसे लॉकडाउन के दौरान गांव—घर में चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। आज पंचायती राज दिवस के अवसर पर पीएम मोदी ने देश के कई पंचायत प्रतिनिधियों से लॉकडाउन के बारे में सीधी बात की। इसी क्रम में जहानाबाद अंतर्गत मखदुमपुर प्रखंड की आदर्श पंचायत धरनई के मुखिया अजय सिंह यादव से भी उन्होंने बात की।

लॉकडाउन में गांव घर की ली जानकारी

जानकारी के अनुसार पीएम ने धरनई के मुखिया से ग्रामीण स्तर पर चल रहे कार्यों के बारे में पूछा। करीब दस मिनट मुखिया और पीएम के बीच वार्तालाप हुई। मुखिया ने पीएम को जानकारी दी कि लॉकडाउन शुरू होते ही उन्होंने पूरे पंचायत में माइक से प्रचार-प्रसार कर उस बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके साथ ही उन्होंने हैंड सैनेटाइजर, साबुन और मास्क का वितरण भी शुरू करवाया।

swatva

विदित हो कि पीएम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे राज्य से छह मुखिया और एक सरपंच का लिस्ट भेजा गया था जिसमें से सिर्फ धरनई पंचायत के मुखिया की बात पीएम से हो सकी। मुखिया ने पीएम को बताया कि पंचायतों में सरकार के निर्देशों के अनुसार काम चल रहा है। सभी गांवों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया गया है। जीविका संगठन के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गांव के लोगों में पहले की अपेक्षा काफी जागरूकता आई है।

प्रधानमंत्री ने मुखिया से कहा कि कोरोना से बचाव के लिए आपस में दो गज की दूरी बनाए रखें। उन्होंने प्रवासी मजदूरों एवं कामगारों के बारे में भी जानकारी ली। मुखिया ने बताया कि उनलोगों को अपने-अपने स्थानों पर रहने की अपील की गई है। प्रवासियों के लिए पंचायत में क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here