पटना या दिल्ली में बैठ जनता से नहीं जोड़ सकते कनेक्शन, उनके बीच जाना जरूरी – आरसीपी

0

पटना : जनता दल यूनाइटेड के अंदर वर्चस्व की लड़ाई फिर से तेज हो गई है। जहां केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता आरसीपी सिंह ने पटना में एक भोज का आयोजन किया है। आरसीपी सिंह के स्टैंड रोड स्थित आवास पर आयोजित भोज में उनके करीबी नेता और पार्टी के कार्यकर्ता समर्थक शामिल होंगे। सूत्रों की माने तो आरसीपी सिंह ने इस भोज का आयोजन पार्टी में अपना वर्चस्व दिखाने को लेकर किया है। इस भोज में 5000 लोगों को निमंत्रण दिया गया है।

सियासी जानकार मानते हैं कि आरसीपी सिंह मौजूदा दौर में जिस तरह जेडीयू के अंदर नेतृत्व से अलग-थलग पड़े हुए हैं, उसे देखते हुए वह अपने करीबी नेताओं और समर्थकों की पहचान करना चाहते हैं। यही वजह है कि पटना में आज भोज का आयोजन किया।

swatva

केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि वह बिहार दौरे पर निकलेंगे

वहीं, इस कार्यक्रम में मीडिया से मुखातिब होते हुए केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने कहा कि वह बिहार दौरे पर निकलेंगे।अपनी बिहार यात्रा के दौरान आरसीपी सिंह एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यों के बारे में जनता को जानकारी देंगे।

आरसीपी सिंह ने कहा है कि बिहार में अभी और काम करने की जरूरत है। राज्य के अंदर युवाओं के बीच उद्योग धंधों को लेकर भूख पैदा करने की आवश्यकता है। हमारे यहां के युवा दिल्ली और बाकी राज्यों में जाकर काम करते हैं। यूपीएससी जैसी बड़ी परीक्षाओं मैं सफलता हासिल करने के लिए जी जान लगा देते हैं लेकिन उद्योग धंधे के पैमाने पर हम काफी पीछे हैं। बिहार में औद्योगिक क्रांति की जरूरत है।

अगले 1 साल तक चलेगा आरसीपी सिंह का यह दौरा

इसके आगे उन्होंने कहा कि वह एनडीए सरकार की तरफ से किए जा रहे कार्यो का लेखा-जोखा लेकर बिहार के आम लोगों के बीच जाएंगे। आरसीपी सिंह का यह दौरा अगले 1 साल तक चलेगा। साल भर के अंदर वह बिहार के आम लोगों के साथ संवाद करेंगे।

वहीं, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा कि हम ने साल 2010 के बाद लगातार इसे लेकर संघर्ष किया। पटना से लेकर दिल्ली तक में रैलियां की गई। पार्टी लगातार इसकी मांग करती रही लेकिन ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिला। देश का कोई भी ऐसा राज्य नहीं जो विशेष दर्जा नहीं मांग रहा हो। ऐसे में हमें इस बात को समझ लेना चाहिए कि विशेष दर्जे की मांग के बीच कोई खिड़की खोलते हुए बिहार का कैसे विकास किया जाए। हमारी प्राथमिकता है कि बिहार का विकास होना चाहिए।

आरसीपी सिंह ने कहा कि सरकार कई दफे काम करने के बावजूद आम लोगों को यह बता नहीं पाती कि उनके हित में क्या-क्या किया गया है। मैं इसी काम को करने जनता के बीच जाऊंगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पटना या दिल्ली में बैठकर जनता के साथ कनेक्शन नहीं जोड़ा जा सकता। इसके लिए जरूरी है कि जनता के बीच जाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here