सिद्धाश्रम में जागृत हुआ प्रभु श्रीराम का सामर्थ्य, जन्मभूमि की भांति कर्मभूमि बक्सर को किया जाएगा विकसित- स्वामी रामभद्राचार्य

0

तुलसीपीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज
ने श्रीराम कर्मभूमि न्यास सिद्धाश्रम के कार्यालय का किया उद्घाटन

 

पटना : ‘श्रीराम कर्मभूमि न्यास, सिद्धाश्रम’ के पटना स्थित कार्यालय का उद्घाटन बुधवार को तुलसीपीठाधीश्वर जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज एवं श्रीधाम वृंदावन के जगतगुरु स्वामी अनन्ताचार्य जी महाराज ने किया। इस अवसर पर न्यास के संस्थापक संरक्षक तुलसीपीठाधीश्वर ने कहा कि सिद्धाश्रम यानी वर्तमान का बक्सर वह स्थान है, जहां प्रभु श्रीराम का सामर्थ्य जागृत हुआ।

swatva

उन्होंने कहा कि इस वर्ष सिद्धाश्रम बक्सर में गंगा तट पर नौ दिनों का कथा एवं देश भर के संतो का समागम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें वैश्विक बक्सर का संककल्प एवं श्रीराम सतत् विकास मॉडल पर कार्य किया जाएगा। अयोध्या स्थिति श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण हो रहा है। विश्वभर में अयोध्या की ख्याति पूर्व से ही है और मंदिर निर्माण के बाद यह और फैलेगी। जन्मभूमि अयोध्या की ही भांति कर्मभूमि बक्सर को भी विश्व मानचित्र पर लाने के ध्येय से ‘श्रीराम कर्मभूमि न्यास, सिद्धाश्रम’ की स्थापना की गई है।

न्यास के सह संस्थापक संरक्षक स्वामी अनन्ताचार्य जी ने कहा कि सिद्धाश्रम, बक्सर में ही भगवान राम को पुरुषार्थ दिखाने का अवसर उनके गुरु विश्वामिश्र जी ने दिया था, जिसके बाद उन्होंने ताड़का राक्षसी का वध किया था एवं अहिल्या का भी उद्धार किया था। यही से राजकुमार राम शुरवीर राम के रूप में विख्यात हुए। कर्मभूमि के रूप में संपूर्ण क्षेत्र को विकसित करने के उद्धेश्य से श्रीराम कर्मभूमि न्यास कि स्थापना की गई है।

न्यास के संस्थापक न्यासी एवं केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने इस अवसर पर कहा कि प्रभु श्रीराम ने सिद्धाश्रम बक्सर स्थित महर्षि विश्वामित्र आश्रम में रहकर शिक्षा ग्रहण किया था। यहीं उन्होंने ऋषियों द्वारा किए जा रहे यज्ञ में विघ्न डालने वाले असुरों का संहार किया। इसलिए जन्मभूमि अयोध्या का जितना महत्व है, उतना ही महत्व कर्मभूमि बक्सर का भी है। ‘श्रीराम कर्मभूमि न्यास, सिद्धाश्रम’ का कार्यालय पटना में भी होने से योजनाओं को गति देने में सहायता मिलेगी एवं समाज के विभन्न क्षेत्रों के लोगों से संपर्क का विस्तार होगा, ताकि द्रुतगति से प्रभुराम की कर्मभूमि का कार्यविस्तार हो सके।

इससे पूर्व जगतगुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज एवं जगतगुरु स्वामी अनन्ताचार्य जी महाराज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन, नारियल फोड़ कर एवं प्रभु श्रीराम के चित्र पर पुष्पार्चन कर कार्यलय का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यालय के उद्घाटन समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, एमएलसी ई. सच्चिदानंद राय, नीता चौबे, ‘श्रीराम कर्मभूमि न्यास, सिद्धाश्रम’ के संयोजक कृष्णकांत ओझा, आरएसएस के क्षेत्रीय कार्यवाह मोहन सिंह, अजित शुक्ला, संजीव मिश्रा, भाजपा नेता अर्जीत चौबे, राघवेंद्र नारायण सिंह, अनिल चौबे समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here