राज्य में 27 फरवरी से संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

0

पटना : स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल के तहत राज्य में पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान 27 फरवरी से प्रारंभ होगा। राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की तिथि पूर्व में 23 जनवरी 2022 निर्धारित थी, जिसे कोराना की वजह से बढ़ाकर अब 27 फरवरी 2022 कर दिया गया है। राज्य में कोरोना के बढ़ते प्रकोप से केंद्र सरकार को बिहार के स्वास्थ्य विभाग ने एक पत्र के माध्यम से अवगत कराया था कि अभी पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान को चलाना जोखिम भरा रहेगा।

पांडेय ने कहा कि पड़ोसी देशों में पोलियो वायरस का मौजूद होना भारत के लिए भी खतरा है। जब तक विश्व में कहीं भी पोलियो का संक्रमण जारी रहता है, तो भारत में पोलियो वायरस के पुनः आने की संभावना बनी रहती है। इस खतरे की संभावना को ध्यान में रखते हुए राज्य में भारत सरकार के निर्देशानुसार समय-समय पर टीकाकरण अभियान चलाया जाता है। 2020 में पाकिस्तान में जहां 84 मरीज मिले थे, वहीं अफगानिस्तान में 56 मरीज मिले थे। 2021 में पुनः दोनों देशों में एक-एक मरीज मिलने की पुष्टि हुई है।

swatva

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 27 फरवरी से शुरू होने वाले इस अभियान को महाशिवरात्रि पर्व पर सार्वजनिक अवकाश को देखते हुए आवश्यकतानुसार एक या दो दिन विस्तार किया जा सकता है। राज्य में इन दिनों कोविड के संक्रमण का खतरा है। ऐसे में बच्चे एवं हेल्थ वर्कर्स के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पल्स पोलियो अभियान में संशोधन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here