स्मार्ट सिटी मिशन कर रहा भारत के विकास को उत्प्रेरित : अरविन्द सिंह

0

पटना : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अरविन्द कुमार सिंह ने कहा है कि स्मार्ट सिटी मिशन नए भारत के विकास को उत्प्रेरित कर रहा है। इसके तहत पूरे भारत में 100 स्मार्ट शहर बनाने का लक्ष्य हैं।

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत, 53,175 करोड़ रुपये की 3,131 से अधिक परियोजनाएं पहले ही पूरी हो चुकी हैं। इसके आलावा 1,84,998 करोड़ रुपये की परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं।

swatva

पटना स्‍मार्ट सिटी परियोजना के तहत 1289 मीटर लम्‍बे और 9 मीटर चौड़े मंदिरी नाले पर पथ निर्माण होगा। इस निर्माण से नगरीय सुविधा में बढ़ोतरी होगी तथा बेली रोड से अशोक राजपथ में सम्‍पर्कता बढ़ेगी। इससे पटना के मंदिरी, चिना कोठी, छकन टोला, चकारम, गोलघर के लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार के 12 हजार से अधिक गरीबों के पक्के मकान का सपना भी साकार हुआ।

अरविन्द ने कहा है कि केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य सरकार राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को और भी आधुनिक बनाएगी। बिहार के 5 मेडिकल कॉलेजों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बदला जा रहा है। यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल 1009 बेड का होगा।

वहीं, दूसरी ओर पटना (एम्स) के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग- 139 से प्रारंभ होकर बाकरपुर, मानिकपुर – साहेबगंज – अरेराज को जोड़ते हुए बेतिया के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग- 727 तक जाने वाली सड़क को भारतमाला परियोजना में सम्मिलित कर इसे नये राष्ट्रीय राजमार्ग- 139W के रूप में घोषित कर दिया गया है।

पटना – साहेबगंज खंड के दीघा से शीतलपुर मार्ग पर गंगा नदी पर 5 किमी लंबे पुल के निर्माण को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के द्वारा सैद्धांतिक रूप से सहमति दे दी गई है। डबल इंजन की सरकार के नेतृत्व में प्रगति पथ पर अग्रसर है बिहार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here