योगी के लिए प्रचार कर सकते हैं नीतीश, भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने जदयू से मांगी सीटों की सूची

0

पटना : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने अहम सहयोगी जदयू से उसके पसंद की सीटों की सूची मांगी है। पसंद की सीटों की सूची का यहां यह मतलब है कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने जदयू नेता आरसीपी सिंह से उन सीटों की सूची मांगी है, जहां वे गठबंधन में अपने उम्मीदवार को उतारना चाहते हैं।

हालांकि, अभी गठबंधन की बात पक्की नहीं हुई है। लेकिन, आरसीपी सिंह की पहल सार्थक होती दिख रही है। क्योंकि भाजपा भी गठबंधन को लेकर सकारात्मक रवैया दिखा रही है। लेकिन, बात 2007 की तरह बनने वाली नहीं है। क्योंकि 2007 के चुनाव में जदयू गठबंधन के तौर पर 20 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। वहीं, इस बार इतनी ज्यादा सीटें मिलने की उम्मीद नहीं है। लेकिन अगर आरसीपी सिंह सूझबूझ दिखाते हैं तो उत्तर प्रदेश में जदयू का भाजपा से गठबंधन हो सकता है और नीतीश कुमार योगी के लिए प्रचार प्रसार कर सकते हैं।

swatva

आंकड़ों की बात करें तो जदयू उत्तर प्रदेश में फिलहाल ऐसी कोई सीट नहीं है, जहां वह अकेले चुनाव लड़कर जीत सकती हो। लेकिन, किसी भी दल को चुनाव हराने की क्षमता जरूर रखती है। अगर 4 से 5 हजार भी वोट जदयू को मिल जाती है, तब वहां किसी भी दल का बना-बनाया समीकरण बिगड़ सकता है। वहीं, किसान आंदोलन को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ माहौल बनाया जा सकता है। ऐसे में पार्टी इसकी भरपाई मध्य व पूर्वी उत्तर प्रदेश से करने की सोच रही है। इन इलाकों में कुर्मी व अति पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं की संख्या अधिक है। इस लिहाज से भाजपा विचार कर रही है कि किसी ना किसी तरह जदयू को साथ ले आएं और योगी के पक्ष में नीतीश कुमार की सभा करवाएं। क्योंकि, उन क्षेत्रों में थोड़ी बहुत नीतीश कुमार के कार्यों की सराहना होती है।

ज्ञातव्य हो कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए अधिकृत किया है। ललन सिंह ने पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम में कहा था कि आरसीपी सिंह ही भाजपा केंद्रीय नेतृत्व से बात करके उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर निर्णय लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here