राष्ट्रीय मूल्यों के बीजारोपण हेतु आजीवन समर्पित रहने वाले संस्कार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री अमीर चंद जी का निधन

0

पटना : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन संस्कार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री अमीर चंद जी का आकस्मिक निधन हो गया। कला व संस्कृति के क्षेत्र में कार्य करने वाला संगठन संस्कार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री इन दिनों अरुणाचल प्रदेश के तवांग क्षेत्र में प्रवास में थे। इस दौरान ऊंचाई क्षेत्र होने के कारण ऑक्सीजन की कमी के वजह से वे हृदयाघात के शिकार हो गए। अमीर चंद जी को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वे बच नहीं सके। इनके निधन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा, कला व संस्कृति, पत्रकारिता समेत सभी वर्ग के लोग शोकाकुल हैं।

अमीर चंद जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए आरएसएस के राष्ट्रीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने कहा कि संस्कार भारती के अखिल भारतीय महामंत्री श्री अमीरचंद जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है, भारतीय कला-संस्कृति के उत्कृष्ट मूल्यों के प्रचार- प्रसार तथा नवोदित कलाकारों को प्रोत्साहन देने में उनकी महती भूमिका रही, ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दें।

swatva

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का बौद्धिक अनुषांगिक संगठन प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे नंद कुमार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्तब्ध हूँ! संस्कार भारती के महामंत्री मा. अमीर चंद जी नहीं रहे। अरुणाचल के तवांग जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्र में कम ऑक्सीजन के चलते स्वास्थ बिगड़ा और हृदयाघात हुआ। गम्भीर स्थिति में अस्पताल ले जाया गया किन्तु प्राणरक्षा न हो सकी। संगठक के रूप में संस्कार भारती के पर्याय अमीर चंद जी पूर्वी उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। संगठन दायित्वों की पूर्ति हेतु बंगाल तथा पूर्वोत्तर राज्यों में आपका लम्बा समय व्यतीत हुआ। कला, संस्कृति क्षेत्र में सघन, आत्मीय सम्पर्क रखने वाले अमीर चंद जी के जाने से परिवार क्षेत्र में आकस्मिक-अपूरणीय रिक्तता उत्पन्न हुई है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री आदरणीय अमीरचंद जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। कला और संस्कृति के संरक्षण और विकास में उनका अतुलनीय योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर पुण्य आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को ये आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संस्कार भारती के अखिल भारतीय महामंत्री श्री अमीर चन्द जी का निधन दुःखद है। लोक जीवन में राष्ट्रीय मूल्यों के बीजारोपण हेतु वे आजीवन समर्पित रहे। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल विचार परिवार को दुःख सहने की शक्ति दें।

कवि डॉ कुमार विश्वास ने अमीर चंद जी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ये साल न जाने क्या-क्या दुख दिखाएगा? विदुषी चित्रकार अपराजिता के कल असमय निधन के शोक से उबरा नहीं था कि संस्कार भारती के सूत्रधार, भारतीय कला-चेतना की अद्भुत समझ रखने वाले व मेरे प्रति सदैव बड़े भाई जैसा स्नेह रखने वाले अमीरचंद जी के निधन का समाचार मिला, हे ईश्वर अब बस भी कर।

वरिष्ठ पत्रकार अनंत विजय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कला और कलाकारों के लिए अपना जीवन होम कर देनेवाले अमीर चंद जी। आपके बारे में लिखते हुए उँगलियाँ काँप रही हैं। कला जगत को अभी आपकी बहुत आवश्यकता थी। नई दिल्ली का कला संकुल उनका स्वप्न था और जिसको उन्होंने साकार किया। विचार समूह की एक बैठक की पूर्व संध्या पर उनसे मिला था, कला जगत को लेकर कितनी योजनाएँ थीं आपकी!

अमीर चंद जी के निधन पर कई केंद्रीय मंत्री, राज्यों के मुख्यमंत्री, सांसद, राज्यों के कैबिनेट मंत्री समेत कई लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनके साथ बिताए लम्हों को याद कर श्रद्धांजलि दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here