फुलवारीशरीफ स्थित FCI गोदाम का औचक निरीक्षण करने पहुंचे चौबे, अनाज के रखरखाव पर व्यक्त की नाराजगी

0

पटना : केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने रविवार को बक्सर संसदीय क्षेत्र जाते समय फुलवारीशरीफ स्थित भारतीय खाद्य निगम के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

उन्होंने गोदाम और पटरी पर रखे अनाज की बोरियों की जांच की। रखरखाव को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी सूरत में अनाज खुले में ना रहे, इसकी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने संचिका की भी जांच की। उठाव एवं वितरण की जानकारी ली।

swatva

निरीक्षण के पश्चात यह पाया गया कि खाद्यान्नों की रखरखाव उचित एवं वैज्ञानिक पद्धति के द्वारा पूर्णत: नहीं किया जा रहा है एवं इसमें घोर लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि खाद्यान्नों को कई जगह पर खुले में बाहर रख दिया गया है जिससे उनकी गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।  खुले में रखे गए  बोरे आंशिक रूप से कुछ भीगे हुए थे और अन्य बोरों को भी  बारिश में भीगने का भी खतरा बना हुआ है। इसके साथ साथ अधिक मात्रा में खाद्यान्न जमीन पर गिरे पाए गए एवं बहुसंख्यक बोरों को खोलकर यूं ही छोड़ दिया गया है।

खाद्य भंडारण डीपो के कई गोदामों में गेट यूं ही खुले हुए थे, उन्हें तरीके से सील कर बंद नहीं किया गया था। खाद्यान्न भंडारण डिपो में कार्यरत कैमरे आंशिक रूप से ही कार्य कर रहे थे और केंद्रीय मंत्री चौबे ने जब उससे जानकारी लेना चाहा तो उपस्थित तकनीकी कर्मचारी बताने में असमर्थ रहा। इसपर मंत्री चौबे ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित वरीय पदाधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को निर्देशित किया है।

विदित हो कि उत्तर-पूर्व राज्यों का दौरा करने के बाद चौबे इन दिनों बिहार में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। इसी कड़ी में चौबे आज बक्सर जाने के दौरान औचक निरिक्षण करने भारतीय खाद्य निगम के गोदाम पहुंचे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here