बिहार : भाजपा में इन नेताओं को मिली प्रवक्ता, प्रेस पैनलिस्ट व जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
पटना : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने प्रदेश की टीम को सशक्त करते हुए पार्टी तथा सरकार के कार्यों को मीडिया में सही ढंग से रखने के लिए प्रदेश प्रवक्ता और प्रेस पैनलिस्ट के रूप में कुछ नए लोगों को जिम्मेदारी दी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने जारी अधिसूचना में बताया कि संतोष पाठक तथा उदय कुमार सिंह जो कि पूर्व भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, उन्हें प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इसके अलावा धनंजय गिरी और आशुतोष ओझा को प्रेस पैनलिस्ट की जिम्मेदारी दी गई है। जारी आदेश में बताया गया है कि यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होगी। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर जायसवाल ने नवनियुक्त प्रवक्ता व पैनलिस्ट को बधाई देते हुए कहा कि आशा है आप लोग इस दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और पार्टी को मजबूत बनाएंगे।
वहीं, बीते 19 जुलाई को झंझारपुर जिला अध्यक्ष का शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जमकर किरकिरी हुई थी। 19 जुलाई को शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद आज एक महीने बाद भारतीय जनता पार्टी बिहार प्रदेश ने झंझारपुर में नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। संजय जायसवाल ने सियाराम शाह को हटाकर राघव कुमार को झंझारपुर का नया जिला अध्यक्ष बनाया है।