जदयू ने रखा राजद का नया नाम ‘बेऊर राजद’ या ‘तिहाड़ राजद’

0

पटना : होली के दिन बिहार के मधुबनी में एक ही परिवार में पांच लोगों की हत्या होने के बाद बिहार की राजनीति में आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी है। जहां नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जदयू और भाजपा के नेताओं पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, इसको लेकर अब जदयू ने राजद परिवार और तेजस्वी पर पलटवार किया है।

जदयू के तरफ से संजय सिंह ने कहा कि सरकार पर आरोप लगाने वाले लोगों को पहले अपने पुराने इतिहास को देखना चाहिए। लालू-राबड़ी के शासनकाल में 118 नरसंहार हुआ, उस वक्त अपराध करने के बाद अपराधियों का पनाह स्थल एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास होता था। लेकिन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज में अपराधी सलाखों के पीछे होते है। नीतीश कुमार के शासन में अपराधी यदि पताल में भी रहेगा तब उसे ढूंढ निकाला जाएगा।

swatva

वहीं, जदयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि मधुबनी हत्याकांड 29 मार्च हो हुई और 3 अप्रैल को तेजस्वी की नींद खुली जिसके बाद तेजस्वी ने ट्वीट कर इस घटना पर दुख जताया। नीरज कुमार ने कहा की तेजस्वी इतने दिनों तक किस राजनीतिक यात्रा पर थे यह जनता को बताएं। जब तेजस्वी पीड़ित परिवार से मिलने मधुबनी गये थे, तब वे लोगों से माला पहन रहे थे। तेजस्वी अपने नाम का नारा भी लगवा रहे थे। ऐसी तस्वीर पर उन्हें शर्म आनी चाहिए। पीड़ित परिवार से मिलने के दौरान जयकारा लगवाना बहुत ही शर्मनाक बात है।

उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष को यह जानकारी होनी चाहिए कि इस मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की गयी है। वही एसएचओ को भी सस्पेंड किया गया है।

वहीं, नीरज कुमार ने अपने पुराने अंदाज में राजद का नामांकरण करते हुए कहा कि राजद का नया नाम बेऊर राजद या तिहाड़ राजद होनी चाहिए। यदि तेजस्वी को मौका मिले, तो जिले में बंद व्यक्ति को गृह मंत्री बना दे और गंभीर आरोपियों को मंत्रिमंडल में शामिल कर दें।

जानकारी हो कि होली के दिन मधुबनी जिले के बेनीपट्टी प्रखंड के मोहम्मदपुर गांव में हुए ‘नरसंहार’ के मुख्य आरोपी प्रवीण झा उर्फ रावण समेत चार आरोपियों को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही पुलिस को उसकी तलाश थी। वहीं प्रवीण झा के गिरफ्तारी की जानकारी बिहार पुलिस के डीजीपी एसके सिंघल ने दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here