नवादा : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बैठक संगठन के कार्यालय में हुई। जिसमें अयोध्या में प्रभु श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान पर चर्चा हुई। बताया गया कि 15 जनवरी से 27 फरवरी तक जिले में धन संग्रह के लिए अभियान चलाया जाएगा। बैठक में कहा गया कि एक महीने तक संगठन का कोई दूसरा कार्यक्रम नहीं होगा। पूरे समर्पण भाव से राम मंदिर निर्माण के लिए राशि इकट्ठा करना है। इसके लिए घर-घर तक संपर्क करना है।
डॉ. सुजय कुमार को धन संग्रह अभियान प्रमुख बनाया गया। प्रतिदिन राशि एकत्रित करने के बाद उसी दिन बैंक में उसे जमा कर देना है। धन संग्रह के लिए रसीद दी जाएगी। मौके पर आरएसएस के जिला प्रचारक मृत्युंजय कुमार, प्रदीप कुमार, अभाविप के प्रो. अंजनी कुमार पांडेय, शिवनारायण, रोहित बिहारी, प्रियंका रानी, जयप्रकाश मुन्ना आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भाजपा कार्यकर्ता भी करेंगे धन संग्रह
जिले के भाजपा कार्यकर्ता भी मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह के लिए अभियान चलाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार मुन्ना ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण शुरू कर दिया गया है। उस निर्माण कार्य में जिलेवासियों का भी सहयोग होगा। आरएसएस के स्वयंसेवक इसके लिए राशि एकत्रित करेंगे। जिसमें भाजपा के कार्यकर्ता भी तन, मन, धन से सहयोग करेंगे।
पार्टी कार्यकर्ता भी लोगों के घर घर जाएंगे और मंदिर निर्माण के लिए राशि जुटाएंगे। 13 जनवरी को भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में इसपर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी। सभी मंडल अध्यक्ष को इसकी जवाबदेही सौंपी जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचे, इसका खाका तैयार किया जाएगा। जिला मुख्यालय से लेकर शक्ति केंद्र तक कार्यकर्ताओं को धन संग्रह अभियान में सहयोग करना है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण का सपना साकार हो रहा है। यह हिदुओं के लिए गौरवशाली क्षण है। लोगों में काफी उत्साह है।