अयोध्या में श्री राम मंदिर को ले बिहार के गांव-गांव जाएंगे संघ परिवार के कार्यकर्ता

0

पटना : अयोध्या में भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण को संघ विचार परिवार एक बड़ा अवसर के रूप में देख रहा है। संघ विचार परिवार से जुड़े सभी संगठनों के करीब 10 हजार कार्यकर्ता धन संग्रह के साथ जन संग्रह के कार्य में जुटेंगे।

इस अवसर पर विचार परिवार के कार्यकर्ता बिहार के सभी परिवारों से संपर्क करेंगे और भारत माता को परम वैभव यक पहुंचाने में मर्यादा पुरूषोत्तम राम के महत्व की चर्चा करेंगे और जन्मभूमि पर भव्य राममंदिर निर्माण के लिए अर्थसंग्रह भी करेंगे। इसके निमित बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यालय की स्थापना कर योजना की क्रमबद्ध शुरुआत कर दी गई है।

swatva

उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राम जन्मभूमि के शिलान्यासकर्ता कामेश्वर चौपाल ने कहा कि बिहार से अयोध्या का भावनात्मक लगाव है। प्रभु श्रीराम जानकी के बिना अधूरे हैं। सीता-राम कहकर ही अष्टयाम पूर्ण होता है। वैदेही सीता बिहार की पुत्री थी। सीतामढ़ी और अयोध्या का अन्योन्याश्रय संबंध है। राष्ट्र मंदिर निर्माण में बिहार के लोगों का योगदान महत्वपूर्ण हो, इसलिए यह निधि कार्यालय प्रारंभ किया गया है।

राम जन्मभूमि के हरेक कारसेवा में बिहार के लोगों को अविस्मरणीय भूमिका है। तन, मन और धन से बिहार के लोगों ने हरेक कारसेवा में अग्रणी भूमिका निभाई है। प्रभु राम की कृपा से अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। मंदिर निर्माण अभियान को गति देने के लिए यह कार्यालय सक्रिय रहेगा।

दक्षिण बिहार प्रांत प्रचार प्रमुख राजेश पांडेय ने बताया कि वैसे श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए इस अभियान की औपचारिक शुरुआत मकर संक्रांति यानी 14 जनवरी से शुरू हो जाएगा। माघ पूर्णिमा यानी 27 फरवरी 2021 को यह अभियान सम्पन्न होगा। सबसे बड़ी बात यह है इस कार्यक्रम को लेकर संघ विचार परिवार के साथ-साथ सारे अनुषांगिक संगठन ने अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। एक अनुमान के अनुसार संघ विचार परिवार के कार्यकर्ता बिहार के 98 % गांवों तक पहुंचेंगे।

पटना के कांग्रेस मैदान के समीप कार्यालय के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर-पूर्व क्षेत्र प्रचारक रामदत्त चक्रधर, संघ के सह प्रांत संघचालक राजकुमार सिन्हा, बिहार के प्रख्यात हड्डी रोग विशेषज्ञ एवं विश्व हिन्दू परिषद् के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. आर. एन. सिंह, निधि समर्पण अभियान के प्रदेश संयोजक परशुराम कुमार, विश्व हिन्दू परिषद् के केशव राजू, विमेन्द्र विमल इत्यादि इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here