Swatva Samachar

Information, Intellect & Integrity

Featured Trending देश-विदेश बिहार अपडेट राजपाट

सीट शेयरिंग: JDU-BJP के टॉप बैट्समैन पहुंचे दिल्ली, प्रेशर पॉलिटिक्स में प्ले डाउन हुई LJP

पटना: चुनाव आयोग द्वारा बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी गई है। पहले चरण के मतदान के लिए 1 अक्टूबर को नोटिफिकेशन जारी हो जाएगी तथा फर्स्ट फेज के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर है। लेकिन, बिहार में अभी तक यह नहीं तय हो पाया है कि कौन सा दल कितने और किन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस बीच यह जानकारी सामने आई है कि सीटों का पेंच सुलझाने बिहार भाजपा के प्रमुख नेता दिल्ली पहुंच गए हैं।

इस क्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, संगठन महामंत्री नागेंद्र जी, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी तथा बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय दिल्ली पहुंच गए हैं। जबकि बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।

वहीं जदयू के तरफ से राज्यसभा सदस्य व जदयू के संगठन महासचिव आरसीपी सिंह तथा लोकसभा में जदयू के संसदीय दल के नेता ललन सिंह दिल्ली पहुंच चुके हैं।

लोजपा सुप्रीमों चिराग पासवान दिल्ली में हीं मौजूद है तथा वे इन सभी नेताओं के दिल्ली पहुंचने से पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात कर चुके हैं। इस मुलाकात के बाद यह जानकारी सामने आई थी कि उन्हें भाजपा की तरफ से विधानसभा की 27 तथा एमएलसी की 2 सीटों का प्रस्ताव दिया गया था। लेकिन चिराग ने भाजपा के सामने विधानसभा की 32 सीटें तथा उत्तरप्रदेश से राज्यसभा की 1 सीट का प्रस्ताव रखा था।

जानकारी के मुताबिक लोजपा सुप्रीमों अपने ही बुने जाल में फंस गए हैं! दरअसल, प्रेशर पॉलिटिक्स को लेकर लोजपा ने 143 सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी की थी। जो कि पूरी हो चुकी है, लेकिन गठबंधन में बात बनने के कारण अब चिराग को इससे पीछे हटना पड़ रहा है। लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटना नहीं चाह रहे हैं। इस वजह चिराग बहुत बड़े धर्मसंकट में फंस गए हैं। हालांकि सारी चीजें कल शाम से परसों दोपहर तक स्पष्ट होने की संभावना है।