बिहारवासी विकास चाहते हैं विनाश नहीं: नंद किशोर यादव

0

प्रधानमंत्री मोदी की एक साल की उपलब्धियाँ ऐतिहासिकः शाहनवाज हुसैन

इस बार का विधान सभा चुनाव काम बनाम बात के बीच

पटना: बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा है कि बिहारवासी विकास चाहते हैं, विनाश नहीं। केन्द्र और राज्य सरकार के कार्यों से बिहार में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। इस बार का विधान सभा चुनाव काम बनाम बात के बीच होगा। एनडीए काम में विश्वास करती है तो विपक्ष बात बनाकर जनता को बरगलाने में।

यादव ने आज वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के जरिये पीरपैती विधानसभा क्षेत्र की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने पिछले एक वर्ष के भीतर न केवल बिहार बल्कि पूरे देश में विकास के लिए जो काम किया वह एक मिसाल है। हम काम करने में विश्वास करते हैं लेकिन विपक्ष बात बनाकर अड़ंगा पैदा करता है। कुर्सी के लिए प्रपंच रचना तो कांग्रेसियों की पुरानी आदत है। कुर्सी बचाने के लिए ही तो आज से 45 वर्ष पूर्व  इंदिरा गांधी की नेतृत्व वाली कांग्रेसी सरकार ने आपातकाल लाकर लोकतंत्र का गला घोंटा था। कांग्रेसियों में आज भी यही सोच विद्यमान है।

swatva

यादव ने कहा कि कोरोना संकट ने पूरी दुनिया को हिला दिया है लेकिन विकसित देशों में मौतें अधिक हो रही हैं। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा समय पर उठाये गये कारगर कदम के कारण संक्रमण का असर कम तो रहा ही, मृतकों की संख्या भी अन्य देशों की तुलना में अत्यल्प है। संकट से निबटने के लिए केन्द्र और राज्य की सरकार ने गरीबों के लिए जो काम किया वह अतुलनीय है। केन्द्र और राज्य की सरकार के बेहतर समन्वय के परिणाम अच्छे साबित हो रहे हैं। गरीबों के कल्याण की चिन्ता कर प्रधानमंत्री मोदी ने 50 हजार करोड़ रूपये के गरीब कल्याण रोजगार अभियान की शुरूआत बिहार से की है जो बिहार के प्रति उनका प्रेम और दर्द दर्शाता है। लाॅकडाउन की अवधि में कोई गरीब भूखा न सोये, के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री ने 3 माह के लिए निःशुल्क  प्रति व्यक्ति 15 किलो चावल व प्रति परिवार तीन किलो दाल दिया। कांग्रेस सहित विपक्षी दल के नेता  बताएं कि इस अवधि में गरीबों की क्षुधा को शांत करने के लिए उनके द्वारा क्या किया गया।

रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री सैय्यद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी की एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियाँ ऐतिहासिक हैं। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास उनका मूल मंत्र है। रैली को भाजपा के जिलाध्यक्ष रोहित पाण्डेय, पूर्व विधायक अमन पासवान, पार्टी के पूर्व प्रत्याशी रहे इंजीनियर ललित पासवान, प्रिंस मंडल आदि ने संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here