हिसुआ थाने से फरार रेप एंड मर्डर का आरोपी दबोचा गया

0

नवादा : बीते दिन हिसुआ थाने से फरार नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने 12 घंटे के भीतर दबोच लेने में सफलता प्राप्त की है। उक्त मामले में गिरफ्तार सोनू राजवंशी मंगलवार की अहले सुबह हिसुआ थाना परिसर स्थित शौचालय का शीशा तोड़ फरार हो गया था। फरार कैदी की तलाश में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की।
देर शाम पुलिस ने फरार कैदी को अकबरपुर थाना क्षेत्र के केंदुआ पेट्रोल पंप के समीप गिरफ्तार कर लिया। थाने से भागने के बाद उसने अपने भाई अजीत से मोबाइल पर संपर्क किया था। उसी समय से पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाए हुए थी। जैसे ही कैदी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

क्या है मामला, कैसे हुई गिरफ्तारी

बता दें कि दो दिन पहले थाना क्षेत्र के एक गाव में नाबालिग को घर अगवा कर दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। बाद में हत्या कर उसके शव को श्मशान में ही दफन कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने उसी गांव के गोरेलाल राजवंशी और सोनू राजवंशी को गिरफ्तार किया था। वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को दोनों आरोपितों को मेडिकल के लिए सदर अस्पताल भेजा गया था। जाच में विलंब होने के चलते पुन: दोनों को हिसुआ थाने के हाजत में लाकर बंद कर दिया गया।

swatva

हिसुआ थाने से रेप के बाद मासूम की हत्या का आरोपी फरार

मंगलवार की सुबह सोनु ने शौचालय जाने की बात कही। चौकीदार मनोज उसे थाना परिसर में स्थित शौचालय ले गया। शौचालय जाने के बाद कैदी ने नल खोल दिया, ताकि किसी को शक नहीं हो। इसके बाद वह शौचालय की खिड़की का शीशा तोड़कर फरार हो गया। थोड़ी देर तक शौचालय से नहीं निकलने पर चौकीदार ने दरवाजा खोला तो देखा कि कैदी गायब है। चौकीदार ने तत्काल इसकी सूचना थानाध्यक्ष को दी। खबर मिलते ही हड़कंप मच गया। तत्काल निकटवर्ती थाना को सूचना देते हुए सीमाओं को सील कर दिया गया और खोजबीन शुरु की गई। लेकिन कैदी का अता-पता नहीं चला। इसकी जानकारी मिलने पर सदर एसडीपीओ विजय कुमार झा हिसुआ थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष व चौकीदार से घटना के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा में कहां चूक हुई है, इसकी जांच कराई जा रही है। जांच प्रतिवेदन एसपी को सौंपा जाएगा। इधर, कांड के दूसरे आरोपित गोरेलाल राजवंशी को जेल भेज दिया गया। बता दें कि पिछले एक साल के दौरान पुलिस अभिरक्षा से करीब आधा दर्जन बंदी भाग चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here