गिरिराज ने नवादा में सूरजभान के भाई के लिए मांगा वोट

0

नवादा : केंद्रीय मंत्री व नवादा के मौजूदा सांसद गिरिराज सिंह ने नवादो के लोगों से एक संदेश भेजकर एनडीए कैंडिडेट और लोजपा नेता चंदन सिंह के लिए वोट मांगा है। गिरिराज ने नवादा में अपने समर्थकों को साफ संदेश दिया कि वे चंदन सिंह को जिताने के लिए एड़ी—चोटी का जोर लगा दें। कहीं से चूकना नहीं है। केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनानी है। ऊपर से यह भी कि लोजपा प्रत्‍याशी चंदन सिंह के भाई सूरजभान सिंह के साथ हमारे रिश्‍ते सदैव ठीक रहे हैं।
गिरिराज सिंह के नवादा पहुंचे संदेशे से लोजपा प्रत्‍याशी चंदन कुमार स्‍वयं को और मजबूत मानने लगे हैं। चंदन सिंह ने कहा कि गिरिराज सिंह जी मेंरे बड़े भाई हैं। उनका आशीर्वाद तो मिलना ही था। चंदन सिंह ने कहा कि नवादा की तरक्‍की के लिए गिरिराज सिंह ने जिन कामों को बढ़ाया है, वे उन सबों को और आगे ले जायेंगे।
चंदन कुमार के पक्ष में गिरिराज सिंह के संदेशों का मतलब भी साफ है। चंदन के बड़े भाई सूरजभान सिंह पहली बार बेगूसराय के बलिया से ही सांसद बने थे। अब पुराने बलिया लोकसभा क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्र बेगूसराय संसदीय क्षेत्र में ही हैं। ऐसे में, बेगूसराय की लड़ाई में सूरजभान सिंह भाजपा प्रत्‍याशी गिरिराज सिंह के बड़े काम आने वाले हैं। इधर, सूरजभान सिंह ने अपने निजी रिश्‍तों के बूते नवादा में भाई चंदन कुमार के लिए पूरे एनडीए को एकजुट कर लिया है। जो नेता–विधायक गिरिराज सिंह के समय इधर–उधर की बातें खुले तौर पर किया करते थे, वे भी चंदन कुमार के पक्ष में लगातार चुनावी प्रचार कर रहे हैं।
एनडीए की एकजुटता का परिणाम लोजपा प्रत्‍याशी चंदन कुमार के चुनाव प्रचार अभियान में भी दिखने लगा है। भाजपा–लोजपा–जदयू के सभी नेता अपने-अपने क्षेत्र में मोर्चा संभाल चुके हैं। उन्हें जगह—जगह लोगों का भारी समर्थन प्राप्त हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here