जार्ज फर्नांडिस को एमलसी कृष्ण कुमार सिंह ने दी श्रद्धांजलि

0

गया : प्रखर समाजवादी नेता एवं पूर्व रक्षामंत्री जार्ज फर्नांडिस के निधन पर विधान पार्षद कृष्ण कुमार सिंह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। स्व. फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए विधान पार्षद ने कहा कि जार्ज साहब हमारे एक अच्छे अभिभावक के साथ—साथ राजनीतिक गुरु भी थे। उनके नेतृत्व में कार्य करने और सानिघ्य प्राप्त करने का मौक़ा मिला था, जो कम ही लोगों को नसीब होता होगा। उन्होंने कहा कि जार्ज साहब जीवनपर्यंत सादा जीवन, उच्च विचार के सिद्धांत का निर्वहन किये। वह राजनीति में अपनी स्पष्टवादिता, इमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा को लेकर जाने जाते थे तथा झूठ—फरेब से काफी दूरी बनाए रखते थे। वे विश्व के मजदूरों के सर्वमान्य नेता थे। उनके एक आह्वान पर लाखों मजदूर खड़े हो जाते थे। वाजपेयी जी के नेतृत्व में उन्होंने पोखरण परीक्षण करवाया और विदेशी ताकतों को कड़ा सन्देश देने का कार्य किया। वे एक अच्छे संगठनकर्ता थे जिनका निधन व्यक्तिगत क्षति है। शोक व्यक्त करने वाले में भाजपा जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, योगेश कुमार, राजेश सिंह, प्रशांत कुमार,हरे राम सिंह, कमलेश सिंह, जैनेन्द्र कुमार प्रमुख हैं।

जॉर्ज साहब का जाना एक समाजवादी युग का अंत : हरी मांझी

गया : सांसद हरी मांझी ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडिस भारतीय राजनीति में मजदूरों एवं गरीबों की बुलंद आवाज थे। उन्होंने कांग्रेस की तानाशाही के खिलाफ विद्रोही राजनीति की शुरुआत की। डॉ राम मनोहर लोहिया के बाद जॉर्ज फर्नांडिस ऐसे समाजवादी नेता थे जिन्होंने कांग्रेस और इंदिरा गांधी के विरुद्ध एक प्रबल जनआंदोलन खड़ा करने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने आपातकाल का विरोध किया और एनडीए के गठन में अहम भूमिका निभाई। जनता पार्टी की सरकार से लेकर अटल जी की सरकार तक उन्होंने कई अहम मंत्रालयों को पूरी ईमानदारी के साथ चलाया।जॉर्ज फर्नांडिस एक सच्चे समाजवादी नेता थे। जॉर्ज के बाद अब देश में कोई भी धूर समाजवादी नेता नहीं रहा। अब सारे तथाकथित समाजवादी नेता परिवारवादी हो चुके हैं या सत्ता के लिए कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुके हैं। स्वर्गीय फर्नांडिस राजनीति में पूरी ईमानदारी के साथ राष्ट्र सेवा एवं गरीबों के उत्थान के प्रति समर्पित थे। उन्होंने समय के अनुसार कई संगठनों एवं नेताओं को खड़ा करने का काम किया। आज देश का प्रत्येक वर्ग एवं राजनीतिक दल उनके निधन से दुखी है। उनका अभाव सदैव बना रहेगा जिसकी पूर्ति कभी नहीं की जा सकती है।

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here