गरीबों का माल हड़पने वाले अब देश से कर रहे खिलवाड़ : पीएम

0

बक्सर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बक्सर में अपने प्रत्याशी अश्विनी चौबे के लिए एक चुनावी सभा में बोलते हुए महागठबंधन पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस की सोच में ही खोट है। गरीबों के नाम पर इन्होंने दशकों तक वोट लिया और हजारों-करोड़ों की संपत्ति बनाई। जनता के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। जबकि एनडीए का नेतृत्व 130 करोड़ हिन्दुस्तानियों के लिए जीता है और उन्हीं के लिए मरता है। प्रधानमंत्री ने जहां किसानों के लिए पेंशन और सम्मान निधि की चर्चा की वहीं बक्सर के लिए किए जा रहे अपने प्रयासों को भी जनता के सामने रखा।

महामिलावटी महागठबंधन पर तीखे वार

बक्सर के सरस्वती विद्या मंदिर में भाजपा उम्मीदवार अश्वनी चौबे के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में पीएम ने कहा कि चुनाव सिर्फ यह तय नहीं करेगा कि किस दल या गठबंधन की सरकार बनेगी, बल्कि यह चुनाव भारत के भविष्य और यहां के विकास को तय करेगा। महामिलावट के लोग कभी भी विकास की बात नहीं करते खुद अपना हित देखते हैं और समझते हैं कि कुछ जातियां उनकी गुलाम हैं। जैसा वे कहेंगे, वैसा ही वे करेंगे। दशकों तक गरीबों के वोट लेने वालों ने उन्हें ही भुला दिया। उन्होंने कहा कि महामिलावट के नेताओं ने हजारों-करोड़ों रुपये की संपत्ति खड़ी की है। गाड़ी बनाये हैं, बंगले बनाये हैं। जबकि तीन बार गुजरात का मुख्यमंत्री और एक बार प्रधानमंत्री रहते हुए भी कभी भी अपने रिश्तेदारों के बारे में मैंने नहीं सोचा। हर पल अपने देश के लोगों के लिए काम किया। केंद्र सरकार की हर योजना में गांव और गरीबों का ख्याल रखा गया। आजादी के बाद यह पहली सरकार है जो गांवों के विकास के लिए काम करती रही।

swatva

किसानों और बक्सर के लिए किये जा रहे प्रयासों की चर्चा

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हो या आरजेडी इनकी सोच में ही खोट है। ये 21वीं सदी के भारत को नहीं समझ सकते। देश को अंधेरे में रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि विकास तभी संभव है जब देश सुरक्षित रहे। लेकिन महामिलावटी लोगों को देश की सुरक्षा की चिंता नहीं है और न ही उनके पास कोई नीति है। 2014 से पहले तक भारत में आतंक चलता रहा। एनडीए सरकार ने अपनी सेना को खुली छूट दे दी। जिसके कारण आज देश के भीतर भी सफाई हो रही है, और सीमा के उस पार भी सफाई हो रही है। उन्होंने कहा कि यह नया हिन्दुस्तान है, यह आतंकियों को घर में घुसकर मारता है। एक तरफ हम आतंकियों और नक्सलियों के खिलाफ सफाई अभियान में जुटे हैं। वहीं दूसरी ओर महामिलावट वाले उन्हें बचाने में लगे हुए हैं। ये लोग भारत के टुकड़े-टुकड़े करने वालों को, पत्थरबाजों को, नक्सलियो को आश्रय देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका सबका विकास हमारा मंत्र है। सबको सुरक्षा और सबको सम्मान यह हमारा प्रण है। इसी लक्ष्य के तहत हर वर्ग और हर क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। सामान्य वर्ग के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण और ओबीसी कमीशन को संवैधानिक दर्जा दिया जाना भी सामाजिक न्याय को सशक्त करने वाला है। उन्होंने कहा कि अब किसानों के खाते में सीधे पैसा जमा होने लगा है। 23 को फिर एक बार जब मोदी सराकर बनेगी तो किसानों और मजदूरों को पेंशन दिया जाएगा। इसकी योजना भी बनाई जाएगी। हम व्यापारियों को लिए भी राष्ट्रीय व्यापारी आयोग बनाएंगे और उनके लिए 50 लाख रुपये का बिना गारंटी कर्ज की सुविधा भी शुरु करेंगे।

उन्होंने कहा कि यहां मेगा फूड पार्क के लिए भी स्वीकति दी जा चुकी है। इस क्षेत्र में भगवान राम और माता सीता के चरण पड़े हैं। आस्था की महत्वपूर्ण धरोहरों को पर्यटन और रोजगार से जोड़ा जाएगा। महादेव घाट पर गंगा आरती को और दिव्य बनाने का प्रयास भी निरंतर चल रहा है। भव्य और दिव्य भारत बनाने के लिए आप अपना वोट दें और भारत को मजबूत बनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here