फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज

0

बक्सर : केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे के संयोजन में बक्सर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा इलाकों में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ का रविवार को आईटीआई मैदान पर समापन हुआ। मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने अपना संदेश पत्र के माध्यम से भेजा। वही केंद्रीय खेल व युवा मामले मंत्री अनुराग ठाकुर ने वीडियो संदेश के जरिए प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अलग-अलग विधानसभा स्तर से 4 हजार से अधिक युवाओं ने शिरकत की।

बक्सर के प्रतियोगियोंं को पीएम ने दिया मंत्र

प्रधानमंत्री ने खेल महाकुंभ के लिए बक्सर के लोगों को बधाई एवं शुभकामना देते हुए कहा कि “हमारे देश में बहुत सी ऐसी खेल प्रतिभाएं हैं जो सामर्थ्य दिखाने के लिए लालायित हैं। इन खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए जरूरी है कि स्थानीय स्तर पर निरंतर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। मुझे प्रसन्नता है कि इस कड़ी में विभिन्न संसदीय क्षेत्रों में आयोजित की जा रही सांसद आदर्श खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को एक प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध करा कर अपनी तैयारियों को जांचने, तकनीक को समझने और अपनी सीमाओं का विस्तार करने का मौका दे रही हैं। प्रधानमंत्री ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

swatva

खेल महांकुभ खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच : अनुराग ठाकुर

केंद्रीय खेल व युवा मामले मंत्री अनुराग ठाकुर ने सांसद खेल महाकुंभ के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री व बक्सर सांसद अश्विनी चौबे को बधाई देते हुए कहा कि आज खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। इस कड़ी में ही इस तरह के खेल आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने सभी से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री ने “फिटनेस का डोज, आधे घन्टे रोज” का जो मंत्र दिया है उसपर सभी गंभीरता से अमल करें।

छह विस क्षेत्रों में बनेगा आदर्श मैदान : मंत्री चौबे

सांसद खेल महाकुंभ के समापन पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि 6 विधानसभा क्षेत्रों में सांसद खेलकूद आदर्श मैदान बनाया जाएगा। खेल के प्रति बेटियों का उत्साह देखकर बहुत ही अच्छा लगा। प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी योजना का संदेश ही हैं-सब खेलें-सब खिलें। केंद्र सरकार की खेल योजनाओं की बदौलत आज खेलों में भी भारत की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बना है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि विशाल स्तर पर सांसद खेल का आयोजन हुआ। मां गंगा की गोद में नौकायन दौड़ आकर्षण का केंद्र था। दिव्यांगजनों ने भी अद्भुत खेल क्षमता का परिचय दिया। मंत्री चौबे ने कहा कि यह सांसद खेल महाकुंभ गांव के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का अवसर है। खेल कुंभ में विजयी प्रतिभागी आगे होने वाले खेल में भी जा सकते हैं। सफल खिलाडी का फोकस भी सटीक होता है। तब जाकर वह एक के बाद एक नए पड़ाव पर विजय और सिद्धि हासिल करता है। बक्सर के खिलाड़ियों व खेल प्रशिक्षकों को देश के नामचीन खेल संस्थाओं से जोड़ कर उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष बनाया जाएगा। गोकुल जलाशय को विकसित किया जाना है। इसे लेकर कार्य शुरू हो गया है। यह कारवाँ यहीं नहीं रुकेगा, आगे भी सांसद खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। खेल महाकुंभ में 17 विभिन्न प्रकार का आयोजन किया गया। इसमें 5600 पंजीकरण हुआ था। इसमें 4263 प्रतिभागियों ने खेलों में हिस्सा लिया। बक्सर संसदी क्षेत्र के विभिन्न 11 स्थानों पर इन खेलों का आयोजन हुआ। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।

बिहार के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ऋतिक आनंद भी पहुंचे

दुबई से आए आद्यन्त सोशल फाउंडेशन के आर के महतो ने कहा कि खेल महाकुंभ का आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा। बक्सर में आयोजित खेल महाकुंभ में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को फाउंडेशन तराशने में भी योगदान देगा। बक्सर में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ में प्रतिभागियों को प्रेरित करने बिहार के अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी ऋतिक आनंद भी मौके पर पहुंचे। ब्राजील में 24वें समर डेफ बैडमिंटन ऑलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर हाजीपुर बिहार के लाल ऋतिक ने अपने देश का सिर गर्व से ऊंचा किया था। उन्होंने बैडमिंटन टूर्नामेंट में स्वर्ण जीता था।

केंद्रीय मंत्री चौबे ने ये अहम घोषणाएं की

  • बक्सर के 6 विधानसभा क्षेत्रों में बनेगा सांसद खेलकूद आदर्श मैदान
  • किला मैदान बनेगा आधुनिक स्टेडियम, नामकरण अंतर्राष्ट्रीय धावक शिवनाथ सिंह के नाम से करने का प्रस्ताव जिला व राज्य सरकार को दिया जाएगा।
  • आईटीआई खेल मैदान को भी सुसज्जित किया जाएगा। पानी की निकासी भी की जाएगी।
  •  जिले में बनेगा इनडोर स्टेडियम।
  • धावक शिवनाथ सिंह व सैनिक घनश्याम सिंह के नाम पर उनके गांव में सड़क का नामकरण
  • सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख पार्कों में ओपन जिम खोला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here