देश से धोखा करने वाले बेगूसराय की जनता को नहीं ठग सकते : गिरिराज

0

बेगूसराय : लोकसभा चुनाव को लेकर बेगूसराय में एनडीए की विस्तारित बैठक में गिरिराज सिंह ने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि विकृत राष्ट्रवाद की दिशा देने वाले लोगों की एकजुटता नहीं चलेगी। देश से धोखा करने वाले बेगूसराय की जनता को नहीं ठग सकते। जनता महामिलावट वाले महागठबंधन को उखाड़ फेंकेगी। देश की हर सीट से नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ रहे हैं। एनडीए कार्यकर्ता ही उनके हाथ—पैर हैं। उन्होंने कहा कि देश में ‘थेथ्रोलॉजी’ एवं ‘वोट हड़पने’ की लड़ाई विरोधी लड़ रहे हैं। विपक्ष को केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। यही वजह है कि वह विकास को चुनावी मुद्दा बनाना नहीं चाहते।

swatva

बेगूसराय से एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने भाजपा, जदयू एवं लोजपा कार्यकर्ताओं को उत्साहित करते हुए कहा कि यह चुनाव गिरिराज सिंह नहीं, बल्कि एनडीए का एक—एक कार्यकर्ता लड़ रहा है। यदि हमसे आपकी कोई शिकायत है तो 29 अप्रैल तक दिल में रखें और फिर मिलकर अपनी बात रखिएगा। उन्होंने कहा कि उनके हाथ में मात्र 21 दिन हैं। ऐसे में वे बेगूसराय के सभी गांव नहीं जा पाएंगे। एनडीए कार्यकर्ता गांव—गांव गिरिराज सिंह के रूप में चुनाव अभियान की कमान संभाल लें। जीतने के बाद आपकी अपेक्षाओं पर 100 फ़ीसदी खरा उतरेंगे और एक-एक गांव और पंचायत जाने का काम करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने केंद्र सरकार द्वारा बेगूसराय को दिए गए 26 हजार करोड़ की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि एक ‘बेल की पार्टी और दूसरी जेल की पार्टी’ है। वहीं कुछ अन्य जेल जाने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने एनडीए की अगली सरकार बनने के बाद बेगूसराय में पेट्रो केमिकल की स्थापना होने की बात कही। साथ ही मंच से गायब भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रजनीश सिंह के बारे में उन्होंने कहा कि वे एक निजी काम से बंगलोर गए हैं। रजनीश सिंह पूरी मुस्तैदी के साथ गिरिराज सिंह को जिताने का काम करेंगे।

सभा को इन्होंने भी किया संबोधित

सभा की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष संजय सिंह एवं संचालन जदयू जिला अध्यक्ष भूमि पाल राय ने किया। जबकि संबोधन करने वालों में मटिहानी के विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह, प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा व अशोक महतो के साथ 7 पूर्व विधायक—सुरेंद्र मेहता, श्री कृष्ण सिंह, रामानंद राम, राम विनोद पासवान, मेयर उपेंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व मेयर संजय कुमार भी प्रमुख रूप से शामिल थे। इस मौके पर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

निरंजन कुमार सिन्हा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here