दरभंगा में मिली मोकामा से भागी लड़कियां, जदयू का पलटवार

0

बाढ़/पटना : पटना जिले के मोकामा स्थित नाजरथ अस्पताल शेल्टर होम से फरार सभी सात लड़कियां बरामद कर ली गई हैं। इनमें मुजफ्फरपुर बालगृह कांड की पांच लड़कियां भी शामिल हैं। दरभंगा में इनकी बरामदगी हुई है। बाढ़ की एएसपी लिपि सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दरभंगा से इन्हें बरामद किया है। पुलिस की टीम अनुसंधान के दौरान मिली सूचना पर दरभंगा और मधुबनी पहुंची तथा कई जगहों पर छापे मारे। आईपीएस अधिकारी लिपि सिंह फिलहाल दरभंगा में ही हैं और लड़कियों को मोकामा लाने का प्रयास किया जा रहा है। मालूम हो कि शनिवार को तड़के 3 बजे मोकामा शेल्टर होम से सात लड़कियां फरार हो गईं थी। इससे पूरे प्रशासन में हड़कम्प मच गया था और आमलोगों में सुशासन की सरकार पर सबालिया निशान खड़े हो गये थे। पुलिस की यह कामयाबी प्रशंसनीय है।

मोकामा शेल्टर होम की सुरक्षा कड़ी की गयी

इधर बाढ़ से हमारे संवाददाता सत्यनारायण चतुर्वेदी ने रिपोर्ट दी है कि 7 लड़कियों की फरारी के बाद रविवार की सुबह से ही मोकामा शेल्टर होम के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है। महिला पुलिस के जवानों द्वारा लगातार गश्त की जा रही है। सभी लड़कियों को दरभंगा से बरामद करने के बाद पटना ले जाया गया है। पटना में सीनियर एसपी द्वारा पूछताछ की जायेगी तथा घटना के कारणों की पड़ताल की जायेगी। फिलहाल मोकामा में सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है।

swatva

जदयू ने पुलिस को दी बधाई, तेजस्वी पर पलटवार

मोकामा शेल्टर होम से फरार लड़कियों की बरामदगी पर जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने पुलिस को बधाई दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि बारह घंटे के अंदर लड़कियों को बरामद कर पुलिस ने शानदार काम किया है। पुलिस की कार्यशैली से कानून के राज का दावा मजबूत होता दिखाई पड़ता है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधते हुये कहा कि हल्की राजनीति से बाज आयें। देह व्यापार के आरोपी को पीए रखकर महिला अपराध पर प्रवचन न दें तेजस्वी यादव। वे अपनी गिरेबां में झांक कर देखें।
सत्यनारायण चतुर्वेदी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here