पटना : लोक आस्था का महान पर्व छठ पूरे धूमधाम से समाप्त हो गया। बिहार सहित राजधानी पटना में भी लोगों ने श्रद्धा के साथ इसे मनाया। घाटों के रखरखाव और उसकी व्यवस्था का अच्छा इंतज़ाम किया गया था। इसकी सराहना भी हुई। पटना नगर निगम ने कई सुविधायें भी मुहैया कराई थी। छठ पर्व के समापन के साथ लोग अपने अपने घरों को जा चुके हैं।
दरअसल छठ व्रती जब घाट पर जाते हैं तो अपने साथ फल और पकवान भी ले जाते हैं। अगले दिन सुबह का अर्घ्य देकर कई व्रती प्रसाद भी ग्रहण करते हैं। समाजसेवी और कार्यकर्ता व्रतियों के लिए भोजन, चाय आदि की व्यवस्था करते हैं। ऐसे में गंदगी होना लाजिमी है और पटना नगर निगम भी अपने दायित्व को बखूबी निभा रहा है।
क्लेक्टरीयट घाट पर स्नान करते एक व्यक्ति ने बताया कि मुझे स्नान करने से मतलब है । मेरी नज़र में साफ सफाई अच्छी है। वहीं एक दूसरे व्यक्ति ने बताया कि परसों तक यहां सबकुछ साफ सुथरा था लेकिन आज ये गंदगी फैली हुई है और अभी तक इसे हटाया नहीं गया है।
पटना नगर निगम के अधिकारी विशाल ने बताया कि पटना के किसी—किसी घाट पर ही गंदगी फैली हुई है। दीघा घाट से लेकर पटना सिटी तक घाटों की सफाई का काम आज दोपहर या शाम तक समाप्त हो जायेगा। वहीं नगर निगम पटना सिटी एरिया के अधिकारी सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि शाम के समय अर्घ्य देने के बाद जो गंदगी फैली थी उसे रात में ही हटा दिया गया था।ये जो गंदगी दिखाई दे रही वो सब सुबह की है और इसे भी हमलोग हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता संजीव यादव ने बताया कि आज सुबह मैं अपने कुछ मित्रों के साथ घाट पर गया था। वहां पर प्लास्टिक के ग्लास कुल्हड़ आदि बड़ी संख्या में दिखाई दिया। मैंने अधिकारियों से इस संबंध में बात भी की है। सबने आश्वाशन भी दिया कि सारी सफाई एक से दो दिन के भीतर खत्म कर दिया जायेगा।
मानस दुबे