चौबे ने वाइब्रेंट गुजरात में गिनाईं ‘आयुष्मान भारत’ खूबियां

0

पटना : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से ऐसे लोग जो स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित थे, महंगे अस्पतालों में अपना इलाज करा नहीं पा रहे थे। उनके लिए आयुष्मान भारत योजना संजीवनी बूटी का काम कर रही है। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जो कहते हैं वह करते हैं। आयुष्मान भारत योजना से प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज दुनिया इसे मोदी केयर के रूप में जानने लगी है।
श्री चौबे शनिवार को गांधीनगर में आयोजित नौवें वाइब्रेंट गुजरात के दूसरे दिन हेल्थकेयर एवं फार्मा सेक्टर समिट पर उपस्थित अतिथियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में अपने कार्यों से अलग पहचान बनाने वाले दुनिया के मशहूर उद्योगपति बिल गेट्स ने भी आयुष्मान भारत योजना को लेकर प्रशंसा के पुल बांधे हैं। 50 करोड़ से अधिक आबादी को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलेगा। अभी तक इस योजना का 8 लाख लोगों ने लाभ उठाया है। अब अपनों के इलाज के लिए मां बहनों को जेवर खेत खलिहान बेचना नहीं पड़ रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव की जानकारी दी। क्षेत्र में रोजगार की असीम संभावनाओं का जिक्र किया कि किस तरह फार्मा सेक्टर में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री नितिन पटेल, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव प्रीति सुदान और बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here