बिजली अनापूर्ति पर भड़के किसान, बंद और सड़क जाम

0

नवादा : नवादा में बिजली की अनापूर्ति को लेकर किसानों का गुस्सा फूटने लगा है। इस क्रम में गोविन्दपुर, सिरदला व अन्य जगहों पर किसानों ने पथ जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ। नारदीगंज प्रखंड क्षेत्र के किसानों ने विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर नारदीगंज चौक को घंटों जाम रखा। इस मार्ग से जानेवाले यात्रियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। मालूम हो कि 4 अक्टूबर को किसानों ने ओड़ो पंचायत की उप मुखिया रूबी रानी के नेतृत्व में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी और थाना प्रभारी नारदीगंज को विद्युत आपूर्ति में सुधार करवाने के लिये आवेदन दिया था। आपूर्ति में सुधार नहीं होने पर 8 अक्टूबर को NH 82 गया-राजगीर मार्ग को जाम करने की चेतावनी भी दिया था। इसके बावजूद भी विद्युत आपूर्ति में कोई सुधार नहीं हुआ। परिणामस्वरूप किसानों ने 8 अक्टूबर सोमवार को नारदीगंज चौक पर NH 82 को जाम कर दिया।
किसानों का आरोप था कि एक तो सभी किसानों को वर्षा नहीं होने से प्रकृति के प्रकोप का सामना करना पड़ रहा है। धान की फसल पानी के बिना खराब हो रही है। बिजली से किसानों को आशा थी कि कुछ न कुछ फसल बचा लेंगे। वह भी नहीं मिल रही है और उल्टे बिजली का अनाप-सनाप बिल आना किसानों के लिए सरदर्द बन गया है। किसानों ने बताया कि बिजली तो मिल नहीं रही है, लेकिन प्रत्येक माह सभी किसानों को पांच से छः हजार रुपया बिजली बिल आ जाता है। जिसके सुधार के लिये हमलोगों ने कई बार विभाग में आवेदन भी दिया, लेकिन आजतक सुधार नहीं किया गया।
घंटों सड़क जाम रहने के बाद बिजली विभाग के एसडीओ अम्बुज कुमार जामस्थल पर पहुंचे और आक्रोशित किसानों से बात किया। उन्होंने बताया कि अभी तक हमारे पावरग्रिड में मात्र 5 एमवीए का ट्रांसफार्मर है जिसके कारण लोड ज्यादा बढ़ गया है। उसी का परिणाम है कि विद्युत आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही है। विभाग द्वारा उस ट्रांसफार्मर को दो से चार दिन में बदलकर 10 एमवीए का लगा दिया जायेगा। जिसका काम शुरू हो चुका है। उसके बाद आपलोगों को नियमित विद्युत आपूर्ति होने लगेगा। बिजली बिल के सुधार के संबंध में एसडीओ ने बताया कि प्रत्येक महीने में नारदीगंज में एक बार कैम्प लगा कर बिजली बिल की समस्या को सुना जायगा और उसका समाधान किया जायेगा। दोनों समस्याओं के समाधान का आश्वासन मिलने के बाद किसानों द्वारा जाम को हटाया गया। इसी प्रकार गोविन्दपुर चौक व सिरदला थाना क्षेत्र के लौंद में जाम कर किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी प्रकट की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here