बिहार में प्रचंड मोदी लहर, 40 में 38 सीटें एनडीए को

0

पटना : जाति और अगड़ा—पिछड़ा तथा आरक्षण आदि समाज बांटने वाले विपक्ष के तमाम हथकंडों को धराशाई करते हुए एनडीए ने बिहार में राजनीति की एक नई लकीर खींच दी है। बिहार में अब तक सभी सीटों के रुझान आ गए हैं। रुझानों के मुताबिक 40 सीटों में से एनडीए 38 सीटों पर आगे चल रहा है। राजद के रूप में महागठबंधन दो सीटों पर आगे चल रहा है। एनडीए में जदयू और भाजपा दोनों 16-16 सीटों पर जबकि लोजपा सभी 6 सीटों पर आगे चल रही है। राजधानी पटना में भाजपा की बढ़त और संभावित विजय से उत्साहित कार्यकर्ता बीजेपी दफ्तर के बाहर जश्न मना रहे हैं। वहीं राजद सुप्रीमो लालू—राबड़ी आवास के बाहर सन्नाटा पसर गया है।

swatva

Image result for giriraj singh with kanhaiyaराज्य की चर्चित सीटों—बेगूसराय, पटना साहिब, मुंगेर में एनडीए उम्मीदवार काफी आगे चल रहे हैं। बेगूसराय में गिरिराज सिंह सीपीआई के कन्हैया कुमार से बहुत आगे निकल गए हैं। यहां राजद के तनवीर हसन तीसरे नंबर पर पर चल रहे हैं। पटना साहिब में रविशंकर प्रसाद भी शत्रुघ्न सिन्हा पर भारी बढ़त बनाए हुए हैं। लेकिन पाटलिपुत्र सीट पर लालू पुत्री मीसा भारती और भाजपा के रामकृपाल यादव के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। उधर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा काराकाट और उजियारपुर दोनों सीटों पर काफी मुश्किल में दिख रहे हैं।

जानें, बिहार की सभी सीटों पर कौन आगे, कौन पीछे

दिन के डेढ़ बजे तक के रुझानों के अनुसार आरा में भाजपा के आरके सिंह सीपीआई प्रत्याशी राजू यादव से और बक्सर में भाजपा के अशिवनी चौबे राजद के जगदानंद सिंह से मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। अररिया में भाजपा के प्रदीप कुमार सिंह राजद प्रत्याशी सरफराज आलम से आगे चल रहे हैं। औरंगाबाद में भाजपा के सुशील कुमार सिंह हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के उपेंद्र प्रसाद पर बड़ी बढ़त बनाए हुए हैं। बांका से मिल रही जानकारी के अनुसार जदयू के गिरिधारी यादव ने लालू यादव के खासमखास राजद प्रत्याशी जयप्रकाश नारायण यादव को काफी पीछे छोड़ दिया है। भागलपुर में जदयू के अजय कुमार मंडल अपने प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार बुलो मंडल से काफी आगे हैं।
दरभंगा सीट से भाजपा उम्मीदवार गोपालजी ठाकुर लगभग जीत चुके हैं, बस घोषणा बाकी है। राजद प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी से वे काफी बड़ी मार्जिन से लीड कर रहे हैं।

मुसीबत में मांझी, उपेंद्र और सन आफ मल्लाह

गया में जदयू प्रत्याशी विजय कुमार मांझी ने हम पार्टी के जीतनराम मांझी को काफी पीछे छोड़ दिया है। गोपालगंज में जदयू के आलोक कुमार सुमन राजद उम्मीदवार सुरेंद्र राम से आगे हैं। चौंकाने वाली बढ़त हाजीपुर में देखने को मिली जहां लोजपा प्रत्याशी पशुपति कुमार पारस ने राजद के शिवचंद्र राम को काफी पीछे छोड़ दिया है।
जहानाबाद में राजद उम्मीदवार सुरेंद्र प्रसाद यादव और जदयू के चंद्रेश्वर प्रसाद के बीच कांटे का मुकाबला है। यहां कभी राजद आगे तो कभी जदयू आगे हो रहा है। जमुई में लोजपा उम्मीदवार चिराग पासवान रालोसपा के भूदेव चौधरी से काफी आगे चल रहे हैं।झंझारपुर में जदयू के रामप्रीत मंडल राजद उम्मीदवार गुलाब यादव पर बढ़त बनाए हुए हैं। रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा काराकाट में जदयू के महाबली सिंह से तो उजियारपुर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय से पीछे चल रहे हैं। कटिहार में जदयू के दुलालचंद गोस्वामी कांग्रेस उम्मीदवार तारिक अनवर से आगे चल रहे हैं।खगड़िया में लोजपा के चौधरी महबूब अली कैसर ने वीआईपी प्रत्याशी मुकेश सहनी को काफी पीछे छोड़ दिया है। किशनगंज में जदयू के सैय्यद महमूद अशरफ कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मोहम्मद जावेद से आगे हैं।

शरद, पप्पू ढेर तो राधामोहन बने शेर

मधेपुरा में जदयू के दिनेश चंद्र यादव ने शरद यादव और पप्पू यादव को धुल चटाने की पूरी तैयारी करते हुए सबसे आगे निकल गए हैं। मधुबनी में भाजपा के अशोक कुमार यादव आगे हैं। यहां वीआईपी के बद्री पूर्वे दूसरे और शकील अहमद तीसरे नंबर पर चल रहे हैं। महाराजगंज में बीजेपी के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने राजद प्रत्याशी रणधीर सिंह पर दमदार बढ़त बना ली है। बहुप्रचारित मुंगेर सीट पर जदयू के ललन सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी नीलम देवी को काफी पीछे छोड़ दिया है। मुजफ्फरपुर में भाजपा के अजय निषाद वीआईपी के राजभूषण चौधरी से आगे चल रहे हैं। नालंदा में जदयू के कौशलेंद्र कुमार हम प्रत्याशी अशोक कुमार आजाद से और नवादा में लोजपा के चंदन सिंह राजद की विभा देवी से काफी आगे निकल गए हैं। पश्चिम चंपारण में भाजपा के डॉ. संजय जायसवाल ने रालोसपा के बृजेश कुमार कुशवाहा को पीछे छोड़ दिया है। वहीं पूर्वी चंपारण में भाजपा के राधामोहन सिंह रालोसपा उम्मीदवार आकाश कुमार सिंह से आगे चल रहे हैं। पूर्णिया में जदयू के संतोष कुमार कांग्रेस के उदय सिंह से आगे हैं। समस्तीपुर में लोजपा के रामचंद्र पासवान कांग्रेस के अशोक कुमार पर बढ़त बनाए हुए हैं। सारण में भाजपा के राजीव प्रताप रूडी ने लालू के समधी चंद्रिका राय को पीछे छोड़ दिया है। सासाराम में भाजपा के छेदी पासवान ने कांग्रेस की मीरा कुमार पर अच्छी बढ़त बना रखी है। सीतामढ़ी में जदयू के सुनील कुमार पिंटू राजद के अर्जुन राय से आगे हैं तो शिवहर में भाजपा की रामा देवी राजद प्रत्याशी फैसल अली पर बढ़त बनाए हुए हैं। सिवान में जदयू की कविता सिंह राजद प्रत्याशी और शहाबुद्दीन की पत्नी हिना सहाब से काफी आगे चल रही हैं। सुपौल में जदयू के दिलेश्वर कामत ने कांग्रेस प्रत्याशी और जाप नेता पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन को काफी पीछे छोड़ दिया है। वैशाली से लोजपा की वीणा देवी राजद प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह से आगे चल रहीं हैं जबकि वाल्मीकिनगर में जदयू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो कांग्रेस के शाश्वत केदार से आगे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here