बिहार में दो दिन का राजकीय शोक, जेटली जी का जाना निजी क्षति : नीतीश

0

पटना : पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता अरुण जेटली के निधन पर बिहार में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनका जाना एक निजी क्षति की तरह है। जेटली जी के निधन से देश को अपूरणीय क्षति हुई है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, उनकी कमी हमेशा खलेगी। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति एवं परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि अरुण जेटली विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक संभाली। वे एक उत्कृष्ट न्यायविद थे और उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। नीतीश कुमार ने कहा कि जेटली जी ने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। अरुण जेटली जी से मेरा व्यक्तिगत संबंध था, उनके निधन से मैं काफी मर्माहत हूं। मालूम हो कि आज मुख्यमंत्री का गया जाने का कार्यक्रम था, लेकिन उन्होंने इस कार्यक्रम को रद कर दिया। अब वे नयी दिल्ली जाकर श्री जेटली को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here