बिहार की 40 में 39 सीटें एनडीए की झोली में, किसने कहां से बाजी मारी?

0

पटना : जाति और अगड़ा—पिछड़ा तथा आरक्षण आदि समाज बांटने वाले विपक्ष के तमाम हथकंडों को धराशाई करते हुए एनडीए ने बिहार में राजनीति की एक नई लकीर खींच दी। बिहार में अब तक सभी सीटों के नतीजे आ गए हैं। 40 सीटों में से एनडीए को 39 सीटों पर जीत हासिल हुई है। राजद के रूप में महागठबंधन सिर्फ किशनगंज सीट पर जीत दर्ज करने में सफल हो सका। एनडीए में भाजपा ने 17 तो जदयू ने 16 सीटें जबकि लोजपा ने सभी 6 सीटें अपनी झोली में डाल ली। राजधानी पटना में भाजपा की इस प्रचंड जीत से उत्साहित कार्यकर्ताओं ने बीजेपी दफ्तर के बाहर जमकर जश्न मनाया। वहीं राजद सुप्रीमो लालू—राबड़ी आवास के बाहर अंतहीन सन्नाटा पसर गया है।

कन्हैया, शरद, रघुवंश, मीसा समेत तमाम क्षत्रप ढेर

राज्य की चर्चित सीटों—बेगूसराय, पटना साहिब, मुंगेर में एनडीए उम्मीदवारों ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को धूल चटा दी। बेगूसराय में गिरिराज सिंह सीपीआई के कन्हैया कुमार को लगभग 4 लाख 20 हजार मतों के भारी अंतर से हराया। यहां राजद के तनवीर हसन तीसरे नंबर पर रहे। पटना साहिब में रविशंकर प्रसाद ने शत्रुघ्न सिन्हा को 2 लाख 42 हजार मतों के अंतर से शिकस्त दी। लेकिन पाटलिपुत्र सीट पर लालू पुत्री मीसा भारती ने भाजपा के रामकृपाल यादव को कड़ी टक्कर दी। हालांकि अंतत:
रामकृपाल ने मीसा को 37 हजार मतों के अंतर से पराजित कर दिया। उधर रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा काराकाट और उजियारपुर दोनों सीटों से चुनाव हार गए हैं। काराकात में उन्हें जदयू के महाबली सिंह ने तो उजियारपुर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने प​राजित कर दिया।

swatva

आरा में भाजपा के आरके सिंह ने 1 लाख 42 हजार मतों के अंतर से सीपीआई प्रत्याशी राजू यादव को और बक्सर में भाजपा के अश्विनी चौबे ने राजद के जगदानंद सिंह को 1 लाख 2 हजार मतों से पराजित किया। अररिया में भाजपा के प्रदीप कुमार ने राजद प्रत्याशी सरफराज आलम को 1 लाख 36 हजार मतों से हरा दिया। औरंगाबाद में भाजपा के सुशील कुमार सिंह ने हिंदुस्तान आवाम मोर्चा के उपेंद्र प्रसाद को 59 हजार तो बांका में जदयू के गिरिधारी यादव ने लालू यादव के खासमखास राजद प्रत्याशी जयप्रकाश नारायण यादव को पौने दो लाख मतों से शिकस्त दी। भागलपुर में जदयू के अजय कुमार मंडल ने प्रतिद्वंद्वी राजद उम्मीदवार बुलो मंडल को 2 लाख 45 हजार मतों से परास्त कर दिया। दरभंगा सीट से भाजपा उम्मीदवार गोपालजी ठाकुर ने राजद प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी को 2 लाख 67 हजार मतों से हराया।

मुसीबत में मांझी, उपेंद्र और सन आफ मल्लाह

गया में जदयू प्रत्याशी विजय कुमार मांझी ने हम पार्टी के जीतनराम मांझी को डेढ़ लाख मतों से हरा दिया। गोपालगंज में जदयू के आलोक कुमार सुमन ने राजद उम्मीदवार सुरेंद्र राम को 2 लाख 83 हजार मतों से तो हाजीपुर में लोजपा प्रत्याशी पशुपति कुमार पारस ने राजद के शिवचंद्र राम को 2 लाख मतों से हराया।
जहानाबाद में जदयू के चंद्रेश्वर प्रसाद ने राजद उम्मीदवार सुरेंद्र प्रसाद यादव को मात्र 1000 मतों से तो जमुई में लोजपा उम्मीदवार चिराग पासवान ने रालोसपा के भूदेव चौधरी को 2 लाख 41 हजार मतों से शिकस्त दी। झंझारपुर में जदयू के रामप्रीत मंडल ने राजद उम्मीदवार गुलाब यादव को पौने तीन लाख मतों से तो कटिहार में जदयू के दुलालचंद गोस्वामी ने कांग्रेस के तारिक अनवर को 57 हजार मतों से परास्त किया।खगड़िया में लोजपा के चौधरी महबूब अली कैसर ने वीआईपी प्रत्याशी मुकेश सहनी को 1 लाख 91 हजार मतों से पटखनी दी। किशनगंज में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. मोहम्मद जावेद ने जदयू के सैय्यद महमूद अशरफ को हराया।

जहानाबाद में सबसे छोटी तो मधुबनी में सबसे बड़ी जीत

मधेपुरा में जदयू के दिनेश चंद्र यादव ने राजद के शरद यादव को 2 लाख 19 हजार मतों से हराया। यहां पप्पू यादव तीसरे नंबर पर रहे। मधुबनी में भाजपा के अशोक कुमार यादव ने यहां वीआईपी के बद्री पूर्वे को तकरीबन साढ़े 4 लाख मतों से हराया। महाराजगंज में बीजेपी के जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने राजद प्रत्याशी रणधीर सिंह को 2 लाख 28 हजार मतों से शिकस्त दी। बहुप्रचारित मुंगेर सीट पर जदयू के ललन सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी को 1 लाख 29 हजार मतों से पटखनी दी। मुजफ्फरपुर में भाजपा के अजय निषाद ने वीआईपी के राजभूषण चौधरी को 4 लाख 5 हजार मतों से तो नालंदा में जदयू के कौशलेंद्र कुमार ने हम प्रत्याशी अशोक कुमार आजाद को 1 लाख 97 हजार मतों से और नवादा में लोजपा के चंदन सिंह ने राजद की विभा देवी को 1 लाख 46 हजार वोटों के अंतर से पराजित किया। पश्चिम चंपारण में भाजपा के डॉ. संजय जायसवाल ने रालोसपा के बृजेश कुमार कुशवाहा को 2 लाख 92 हजार मतों से, वहीं पूर्वी चंपारण में भाजपा के राधामोहन सिंह ने रालोसपा उम्मीदवार आकाश कुमार सिंह को पौने तीन लाख मतों से पराजित किया। पूर्णिया में जदयू के संतोष कुमार ने कांग्रेस के उदय सिंह को 2 लाख 63 हजार मतों से तो समस्तीपुर में लोजपा के रामचंद्र पासवान ने कांग्रेस के अशोक कुमार को ढाई लाख मतों से पराजित किया। सारण में भाजपा के राजीव प्रताप रूडी ने लालू के समधी चंद्रिका राय को शिकस्त दी तो सासाराम में भाजपा के छेदी पासवान ने कांग्रेस की मीरा कुमार को पटखनी देते हुए जीत दर्ज की। सीतामढ़ी में जदयू के सुनील कुमार पिंटू ने राजद के अर्जुन राय को तो शिवहर में भाजपा की रामा देवी ने राजद के फैसल अली को परास्त किया। सिवान में जदयू की कविता सिंह ने राजद प्रत्याशी और शहाबुद्दीन की पत्नी हिना सहाब को 1 लाख 14 हजार मतों से हराया। सुपौल में जदयू के दिलेश्वर कामत ने कांग्रेस प्रत्याशी और जाप नेता पप्पू यादव की पत्नी रंजीत रंजन को तो वैशाली से लोजपा की वीणा देवी ने राजद प्रत्याशी रघुवंश प्रसाद सिंह को हरा दिया। वाल्मीकिनगर में जदयू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो ने कांग्रेस के शाश्वत केदार को शिकस्त दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here