भूमि विवाद में बिहियां में खूनी संघर्ष, एक की गोली लगने से मौत

0

पटना/आरा : भोजपुर जिलांतर्गत विहियां थानाक्षेत्र के उमरांवगंज गांव में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग फायरिंग में जख्मी हो गए। बताया जाता है कि उमरांवगंज निवासी ऐतवारू यादव और भगवान यादव के बीच कुछ महीनों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। मंगलवार की सुबह वहां मवेशी चराने को लेकर बात बढ़ी जिसके बाद दोनों पक्ष वहां जुट गए और मारपीट के बाद एक पक्ष ने हथियार से फायरिंग कर दी।
गोलीबारी में एक पक्ष के यमुना यादव की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के दौरान छह अन्य लोग गोली लगने से बुरी तरह जख्मी हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में मृतक का छोटा भाई सरल यादव भी शामिल है। अन्य घायलों के नाम सोनू यादव, धर्मेंद्र यादव, सुमन यादव, राज कुमार यादव, पिंटू यादव बताये जाते हैं। ये सभी बिहियां थानाक्षेत्र के उमरावगंज गांव के निवासी हैं। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाकों में तनाव फैल गया है। घटना में जख्मी पक्ष के परिजनों ने उमरांवगंज गांव के समीप ही बिहियां-गौरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के लोगों को आ​रोपित किया है। फिलहाल पुलिस चौकसी बरत रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here