भोलेनाथ की निकली बारात, गाड़ीवान बने नित्यानंद राय

0

पटना : महाशिवरात्रि पर आज पटना और हाजीपुर समेत बिहार के अलग—अलग हिस्सो में धूमधाम से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की बारात निकाली। हाजीपुर में प्रसिद्ध पतालेश्वर महादेव मंदिर से निकाली गई शिव बारात में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भोलेनाथ के गाड़ीवान बने। देवाधिवेद महादेव की भक्ति में सराबोर नित्यानंद राय के अलावा शिव बारात की इस शोभायात्रा में करीब आधा हाजीपुर शहर उमड़ पड़ा। दूल्हा बने भोलेनाथ की बैलगाड़ी चलाते नित्यानंद राय समेत समूचा हुजूम और हर—हर महादेव की लगातार गूंज वहां अदभुत नजारा पेश कर रहा था।

नित्यानंद राय पिछले दो दशक से महाशिवरात्रि पर हाजीपुर में निकलने वाली शिव बारात में गाड़ीवान की भूमिका निभा रहे हैं। देसी अंदाज में सिर पर मुरेठा और धोती तथा आधी बाजू का कुर्ता पहन वे घंटों बैलगाड़ी चलाते रहे। इधर पटना, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, नवादा समेत बिहार के सभी मुख्य शहरों में आज सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिरों के बाहर लगीं। लोगों ने उत्साह के साथ भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक किया।

swatva

हाजीपुर और पटना के अलावा नवादा में दक्षिण भारत शैली पर बने प्रसिद्ध गोवर्धन मंदिर से भी आज दोपहर में भगवान शिव की बारात निकाली गई जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। दरभंगा के कुशेश्वर स्थान, मधेपुरा के सिंहेश्वर स्थान, समस्तीपुर के थानेश्वर स्थान और मुजफ्फरपुर के गरीबनाथ मंदिर परिसर में भी आज दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बक्सर के प्रसिद्ध ब्रह्मपुर मंदिर में भी हजारों भक्तों ने भोलेनाथ का पूजन व जलाभिषेक किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here