भाजपा ने चंपारण से दिल्ली फतह का विगुल फूंका

0

कोटवा/चंपारण : स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि भारत इक्कसवीं सदी में विश्व की महाशक्ति बन जाएगा। नरेंद्र मोदी सरकार में 2022 तक भारत महाशक्ति बन जाएगा। यह सपना आज पूरा होता दिख रहा है। भाजपा के विजयी रथ को कोई नहीं रोक पाएगा। संसदीय चुनाव में एनडीए 500 से अधिक सीट जीतेगा। उक्त बातें प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय ने चार लोकसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कोटवा के मठ बनवारी में कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे यहां से यह संकल्प लेकर जाएं कि आज से प्रत्येक दिन एक कार्यकर्ता दो परिवारों को पार्टी से जोड़ेगा एवं सरकार के कार्यों को जन—जन तक पंहुचाएगा। उन्होंने अटल तेरे अरमानों को मंजिल तक पहुचायेंगे के नारे के साथ 2019 चुनाव फतह करने
का विगुल फूंका। इससे पूर्व भाजपा के एकदिवसीय शक्ति केंद्र सम्मेलन का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। मोतिहारी के सांसद सह केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने अपने शुरुआती भाषण में कार्यकर्ताओं को एकजुट होने तथा सरकार की उपलब्धियों को घर—घर पंहुचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गरीबों के घर में बिजली शौचालय एवं गैस कनेक्शन 70 सालों में तब आया जब एक गरीब का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कार्यकर्ताओं की मांग पर भोजपुरी में अपने भाषण की शुरुआत की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि चौकीदार के डर से सभी चोर इकट्ठा हो रहे हैं। अब थानेदार यानी जनता चौकीदार के कहने पर चोरों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हमें एकजुट होकर विरोधियों के दुष्प्रचार का जवाब देना है। सभा को संबोधित करते हुए सांसद संजय जयसवाल ने कहा कि गीदड़ों की फौज कितनी भी बड़ी हो जाए, शेर का मुकाबला नहीं कर सकती। शिवहर सांसद रमा देवी ने कार्यकर्ताओं को कहा कि अब चोरों की खैर नहीं। कुछ जेल काट रहें हैं, कुछ को जेल काटना पड़ेगा। इससे पूर्व प्रदेश के संगठन महामंत्री नागेंद्र जी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रम एवं उद्देश्यों से अवगत कराया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बेतिया की पूर्व विधायक रेणु देवी ने नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्णय क्षमता के कारण आज सभी वर्गों के गरीब को लाभ मिल रहा है। कार्यक्रम को सांसद सतीश चंद्र दुबे, मंत्री प्रमोद कुमार, मंत्री राणा रंधीर, बैंकुठपुर विधायक मिथिलेश तिवारी, आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोतिहारी के भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने किया। संचालन महामंत्री राजेश वर्मा ने किया । स्थानीय विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर विधायक रामचन्द्र सहनी, लालबाबू गुप्ता श्यामबाबू यादव, विधान पार्षद बबलू गुप्ता सहित पार्टी सभी जिलों के अध्यक्ष अन्य पदाधिकारी के साथ हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

दीपक पांडेय

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here