आंतकवाद के मुद्दे पर सभी देश एकजुट हों : राजनाथ

0

गया : केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर सभी देशों को एकजुट होना चाहिए। बिहार के गया पहुंचे श्री सिंह ने यहां के ऐतिहासिक गांधी मैदान में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के दो दिवसीय 28वें शिक्षा-शिक्षक सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर सभी देशों को एकजुट हो जाना चाहिए। सभी देश एकजुट होंगे तभी आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब दिया जा सकता है। उन्होंने हाल ही में पाकिस्तान में चीनी दूतावास पर हुए हमले की निंदा की और कहा कि इसकी जितनी भी निंदा की जाये वह कम ही है।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भारत भी आतंकवाद से अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ देश की सुरक्षा में लगे सेना के जवान जो मुहिम चला रहें, उनकी जितनी भी प्रशंसा की जाये वह कम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जब वह मंत्री बने थे , उस समय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पांच जवानों की हत्या पाकिस्तान द्वारा कर दी गई थी। श्री सिंह ने कहा कि इस घटना के तत्काल बाद उन्होंने बीएसएफ के अधिकारियों से बात की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान की ओर से 16 बार हमले किये गये हैं। इस पर उन्होंने सेना के अधिकारियों से कहा कि वह क्या कर रहे है। उन्होंने कहा कि 17वीं बार हमला हुआ तो जवाब देंगे।
गृहमंत्री ने बताया कि उन्होंने सेना के अधिकारियों से कहा कि जो देश 16 बार हमला करने के बाद भी सफेद झंडा दिखाने पर हमारी बात नहीं सुन रहा, वैसे देश को 17वीं बार मौका नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने सेना को स्पष्ट रूप से कह दिया कि पहली गोली हमारी तरफ से नहीं चलेगी लेकिन यदि दुश्मन देश से एक भी गोली भारत के सैनिकों पर चली तो सेना की तरफ से चलने वाली गोलियों की गिनती नहीं होनी चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि पाकिस्तान के सैनिक सीमा पर आए दिन नापाक हरकत करते रहते है। आतंकवाद देश ही दुनिया के लिए बड़ी समस्या है। इसलिए, आतंकवाद के खिलाफ लगातार मुहिम चल रही है।

swatva

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here