जुलाई तक आ जाएंगे 7 और वैक्सीन, चौबे ने कर्मियों को किया सम्मानित

0

पटना : पटना एम्स में वैक्सीन ट्रायल में योगदान करने वालों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न माध्यमों से और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पूरे बिहार में जागरूकता फैलाने में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करते हुए प्रशस्ति पत्र दिया गया। वहीँ इस कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि पूरे विश्व में फैले हुए कोरोना महामारी के विरुद्ध भारत ने निर्णायक लड़ाई छेड़ दी है जिसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा समय पर लिए गए उचित निर्णय और भारत के वैज्ञानिकों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को जाता है।

इसके आगे चौबे ने कहा कि इस महामारी के समय कोरोना वैक्सीन के ट्रायल और इसके वैक्सीन के बारे में जागरूकता फैलाने का अद्भुत काम किया है। महामारी के समय इसके बारे में जागरूकता बढ़ाने, लोगों का इलाज करने के लिए सभी स्वास्थ्य कर्मी, वैज्ञानिक और दूसरे क्षेत्रों के व्यक्ति प्रशंसा के पात्र हैं जिन्होंने इस महामारी को एक अवसर में बदल दिया। इन सबके प्रयास से स्वास्थ्य के क्षेत्र में भारत एक स्वावलंबी देश के रूप में उभर रहा है।

swatva

चौबे ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और प्रोएक्टिव कदम से डॉक्टरों, वैज्ञानिकों और हमारे स्वास्थ्य कर्मियों को एक स्पष्ट दिशा और प्रोत्साहन मिला जिसके कारण इस महामारी से लड़ने में आज हम विश्व में अग्रणी साबित हो रहे हैं। भारत मे कोरोना वैक्सीन के निर्माण और विकास में 7 कंपनियां लगी हुई है। दो वैक्सीन मार्केट में उपलब्ध हो गए हैं और उम्मीद है कि जून-जुलाई तक आठ वैक्सीन उपलब्ध हो जाएंगे। तीसरे वैक्सीन पर अगले महीने सहमति मिल जाएगी।

20 लाख कोरोना वैक्सीन का डोज़ ब्राज़ील को दिया

चौबे ने कहा कि वसुधैव कुटुंबकम हमारी नीति रही है और हमने 20 लाख कोरोना वैक्सीन का डोज़ ब्राज़ील को दिया जो दुनिया के सर्वाधिक कोरोना प्रभावित देशों में रह है। इस पर धन्यवाद देते हुए ब्राजील के राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो ने स्वयं वसुधैव कुटुंबकम का उल्लेख किया। भारत सदैव से अपने पड़ोसियों और अन्य जरूरतमंद देशों को सहायता करने के लिए जाना जाता रहा है जिसको मोदी सरकार आगे बढ़ा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस नारे का आज और ज्यादा महत्व हो गया है कि “जय जवान- जय किसान-जय विज्ञान और जय अनुसंधान”। इस नीति को केंद्र में रखकर भारत अब एक नए भारत बनने की ओर अग्रसर है।

तीसरे फेज में 1216 लोगों पर ट्रायल

कार्यक्रम के आरंभ में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे का स्वागत एम्स पटना के निदेशक डॉ पी के सिंह ने किया। इसके उपरांत एम्स के निदेशक प्रोफेसर डॉ सी एम सिंह ने कोरोना वैक्सीन के ट्रायल में एम्स पटना के डॉक्टरों के योगदान के बारे में विस्तार से बताया उन्होंने कहा कि भारत में यह पहला संस्था रहा जिसमें इस वैक्सीन का मानव पर ट्रायल हुआ। इसमें फर्स्ट फेज में 44 लोगों पर दूसरे फेज में 46 लोगों पर और तीसरे फेज में 1216 लोगों पर इसका ट्रायल हुआ।

समापन कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, निदेशक डॉ पी के सिंह, डीन डॉ उमेश कुमार भदानी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ सी एम सिंह, कोविड के नोडल ऑफिसर डॉ संजीव कुमार, डॉ अविनाश सिंह, डॉक्टर संजय पांडेय, डॉक्टर लोकेश तिवारी, डॉक्टर मुक्ता अग्रवाल, डॉक्टर देवेंद्र भूषण, डॉक्टर प्रशांत, डॉक्टर योगेश, अन्य फैकेल्टी सदस्यों और कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापन उप निदेशक, प्रशासन परिमल सिन्हा ने किया।

अश्विनी कुमार चौबे बिहार विधानसभा पहुंचे

वहीँ इसके उपरांत अश्विनी कुमार चौबे बिहार विधानसभा पहुंचे। वहाँ उनका स्वागत विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने किया। इस दौरान चौबे ने विधानसभा में बिताए अपने यादों को साझा किया। उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा ने अपना स्वर्णिम 100 साल पूरा किया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी।

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री चौबे ने कहा कि जनता जनार्दन के आशीर्वाद से मैं इस गौरवमयी विधानसभा का लंबे समय तक सदस्य रहा। इन 100 सालों में बिहार विधानसभा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिससे बिहार के विकास में महत्वपूर्ण आयाम जुड़े। आत्मनिर्भर बिहार को लेकर सभी कृत संकल्पित है। इस मौके पर उन्होंने बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह से भी मुलाकात की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here