6thफेज : छिटपुट हिंसा के बीच 59.38 फीसदी वोटिंग

0

पटना : लोकसभा चुनाव के छठे चरण में आज देशभर की 59 सीटों समेत बिहार की 8 सीटों पर मतदान थोड़ी—बहुत हिंसा के बीच संपन्न हुआ। जबर्दस्त हीट वेब और चिलचिलाती धूप के बावजूद बिहार में लोगों ने उत्साह से मतदान में भाग लिया।पश्चिमी चंपारण, महाराजगंज, शिवहर को छोड़ बाकी सभी स्थानों से शांतिपूर्ण मतदान की सूचना है। प. चंपारण के बेतिया में बूथ संख्या 161 और 162 पर फायरिंग की खबर है। यहां भाजपा प्रत्याशी संजय जायसवाल पर भी हमला किया गया। उनके बाडीगार्ड को आत्मरक्षार्थ फायरिंग करनी पड़ी। चुनाव आयोग ने मामले पर संज्ञान लेते हुए डीएम—एसपी को तत्काल वहां पहुंचने और रिपोर्ट सौंपने को कहा है। उधर महाराजगंज में बीती रात तरैया विधानसभा क्षेत्र में एनडीए और राजद कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत के बाद भारी तनाव के बीच मतदान हुआ। यहां प्रशासन अलर्ट पर रहा। शिवहर में एक बूथ पर होमगार्ड जवान की राइफल से चली गोली से पोलिंग अफसर की मौत हो गयी। इसके बाद वहां बवाल शुरू हो गया।
चुनाव आयोग के अनुसार 6ठे चरण में बिहार की आठ सीटों पर कुल 59.38 प्रतिशत मतदान होने की खबर है। वाल्मीकिनगर में 63.80, पश्चिम चंपारण में 63.90, पूर्वी चंपारण में 58.70, शिवहर में 60, वैशाली में 61.37, गोपालगंज में 59.20, सिवान में 56.75 एवं महाराजगंज में 52.12 प्रतिशत मतदान की सूचना है।
महाराजगंज में लोकसभा चुनाव शुरू होने के कुछ घंटों पूर्व तरैया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सतासी गांव मे विधायक व जिला पार्षद समर्थकों के बीच हुई गोलीबारी में दो लोग गोली लगने से घायल हो गए। घटना शनिवार की रात्रि करीब साढ़े दस बजे तब हुई जब तरैया के राजद विधायक मुंद्रिका राय व इसुआपुर के जिला पार्षद प्रियंका सिंह के देवर प्रमोद कुमार सिंह के बीच राजनीतिक बातों को लेकर झड़प हो गई। इस झड़प में दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में दो लोगों को गोली लग गई। घटना के बाद लोगों ने विधायक को बंदी बना लिया।
उधर वैशाली, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण समेत बाकी जगहों पर भी जमकर वोटिंग की खबर है। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान रहा। कुछ जगहों से ईवीएम खराब होने की सूचना भी मिली। कुछ इलाकों में लोगों द्वारा वोट बहिष्कार की भी खबर है। आठ लोकसभा सीटों पर जिन प्रमुख उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में बंद हो जायेगी, उनमें केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ रघुवंश प्रसाद सिंह, जदयू के वैद्यनाथ प्रसाद महतो और कांग्रेस के शाश्वत केदार, पश्चिम चंपारण में भाजपा के डॉ संजय जायसवाल और रालोसपा के ब्रजेश कुशवाहा, शिवहर में भाजपा की रमा देवी और राजद के फैसल अली, सिवान में राजद की हिना शहाब और जदयू की कविता सिंह व भाकपा माले के अमरनाथ यादव, गोपालगंज में जदयू के डॉ आलोक कुमार सुमन और राजद के सुरेंद्र कुमार तथा महाराजगंज में भाजपा के जनार्दन सिंह सीग्रीवाल और राजद के रंधीर कुमार प्रमुख हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here