11 मई को पटना में अमित शाह का रोड शो, इन मुहल्लों से गुजरेंगे!

0

पटना : भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार में मंत्री नंद किशोर यादव ने आज एक प्रेसवार्ता में पटना में 11 मई को होने वाले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह रोड शो भव्य होगा जो भाजपा के शक्ति प्रदर्शन को प्रकट करेगा।

भाजपा कार्यालय में जानकारी देते हुए नंद किशोर यादव ने कहा कि यह रोड शो कदमकुआं स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू हो कर साहित्य सम्मेलन, ठाकुरबाड़ी रोड, बाकरगंज रोड, बरिपथ होते हुए गांधी मैदान के उधोग भवन जा कर समाप्त होगा। इसका आयोजन 11 मई को शाम 4 बजे से होगा।
नंद किशोर यादव ने कहा कि इस रोड शो में बड़ी संख्या में हर वर्ग के लोग शामिल होंगे। इसमें महिलाओं की भागीदारी भी होगी। इसके अलावा व्यवसायी वर्ग, छात्र और युवा भी बहुत बड़ी संख्या में इसके प्रतिभागी होंगे। युवा इसकी तैयारियों में जोर—शोर से लगे हैं। उन्होंने इस रोड शो की महत्ता को बताते हुए कहा कि भले ही यह रोड शो पटना के कुछ जगहों तक सीमित तरीके से होगा, पर इसका असर बिहार व्यापी होगा।

swatva

महागठबंधन पर प्रहार करते हुए मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि ये गठबंधन झूठ का गठबंधन है। कांग्रेस अध्यक्ष को अपने बोले गए झूठों के लिए माफी भी मांगनी होगी। बिहार की जनता, देश की जनता की ही तरह मजबूत सरकार बनाने का मन बना चुकी है।

तेजस्वी यादव पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि 23 मई के बाद इन सबके पास बोलने के लिए कुछ नहीं होगा। उन्होंने राबड़ी देवी पर भी निशाना साधा और कहा कि ये लोग झुंझलाहट में अमर्यादित बयान दे रहे हैं। इन सबका जवाब बिहार की जनता देगी। प्रेसवार्ता में नंद किशोर यादव के अलावा भाजपा विधायक संजीव चौरसिया और अन्य नेता भी मौजूद थे।
सत्यम दुबे

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here