तालाब सौन्दर्यीकरण का विधायक ने किया शिलान्यास

0

नवादा : भाजपा विधायक सह सत्तारूढ दल के सचेतक अनिल सिंह ने हिसुआ के रानी तालाब सौन्दर्यीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। उक्त कार्य शहरी सौन्दर्यीकरण योजना के तहत कराया जाना है जिसके लिए नगर पंचायत ने राशि उपलब्ध करायी है।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज तालाब का अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है। हिसुआ के इस पुराने तालाब पर भू माफिया की नजर लगी थी। तालाब के चारों ओर अतिक्रमण किया जा रहा था। तालाब के विलुप्त होने का खतरा उत्पन्न होने लगा था। वैसे भी जल संरक्षण के लिए आहर व तालाब का अपना महत्व है। भूगर्भीय जलस्तर में लगातार गिरावट का कारण जल संरक्षण के साधनों का विलुप्त होना है। तालाब का सौन्दर्यीकरण होने से बगल के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आने वाले मरीजों के साथ उनके परिजनों को सुबह शाम टहलने की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे नगरवासियों को भी घूमने व मनोरंजन का साधन उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने तय सीमा के अंदर कार्य को पूरा करने का अनुरोध किया।
मौके पर मौजूद समाहर्ता कौशल कुमार ने कहा कि तालाब के सौन्दर्यीकरण होने से नगरवासियों को लाभ तो मिलेगा ही जल संरक्षण होने से भूगर्भीय जलस्तर में सुधार होगा। नगर के शेष तालाबों के सौन्दर्यीकरण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि तालाबों के संरक्षण के बगैर भूगर्भीय जलस्तर में सुधार आना संभव नहीं है। ऐसे में लोगों को तालाब को संरक्षित करना होगा। वैसे सरकार तालाब निर्माण के लिए अनुदान देने के साथ मछली पालन के लिए प्रशिक्षण के साथ अलग से अनुदान उपलब्ध करा रही है। उन्होंने इसका लाभ लेने की अपील उपस्थित लोगों से की।
समारोह को सिविल सर्जन श्रीनाथ, बीडीओ, सीओ के अलावा नगर पंचायत के मुख्य पार्षद गीता देवी, उपाध्यक्ष शंभु, पवन कुमार गुप्ता समेत कई लोगों ने संबोधित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here