पीएम की रैली को ऐतिहासिक बनाने को तैयार है बेगूसराय

0

बेगूसराय : आगामी 3 मार्च को पटना के गांधी मैदान में NDA द्वारा आहूत संकल्प रैली की विस्तृत चर्चा हेतु भाजपा, जदयू व लोजपा के जिलाध्यक्षों ने जिला भाजपा कार्यालय में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी तैयारियों का विवरण दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में विंग कमांडर अभिनंदन की रिहाई पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज का यह सुखद दिन सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए हर्षोल्लास से भरा है, माँ भारती का एक वीर सपूत आज दुश्मनों की गिरफ्त से छूटकर अपनी मातृभूमि पर पधार रहा है, हम सब उस वीर का शीश झुकाकर अभिनंदन करते हैं, साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जब सम्पूर्ण विश्व भारत सरकार को एक मजबूत सरकार मानकर आतंकवाद के खिलाफ सहयोग देने को एकजुट है तो कुछ राजनीतिक पार्टियां मोदी विरोध में अपने राष्ट्र की कूटनीति व उसकी अखंडता का विरोध करने पर आतुर है। हमे हमारी सरकार व हमारी सेना पर पूर्ण विश्वास है कि वो हर परिस्थिति में देश को सर्वोपरि मानकर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी 3 मार्च को पटना के गांधी मैदान में एनडीए द्वारा आहूत संकल्प रैली को ऐतिहासिक बनाने में बेगुसराय अपनी महती भूमिका का निर्वाह करेगा। बेगूसराय से रेल मार्ग व सड़क मार्ग द्वारा तकरीबन 25-30 हजार कार्यकर्ता गांधी मैदान में पहुंचकर अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री को सुनेंगे एवं पुनः पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का संकल्प लेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि लोग स्वस्फूर्त होकर पटना की रैली को ऐतिहासिक बनाने का मन बना चुके हैं। मौके पर मौजूद जदयू जिलाध्यक्ष भूमिपाल राय ने कहा कि आज जब संपूर्ण राष्ट्र के साथ साथ बिहार माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में विकास की एक नई गाथा लिख रहा है तो उस दौर में प्रधानमंत्री जी का बिहार दौरा ना केवल पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा बल्कि बिहार के विकास को नई गति देने का भी काम करेगा, 3 मार्च की संकल्प रैली एनडीए गठबंधन में लोगों के अटूट विश्वास का परिचायक भी होगा, उन्होंने कहा कि जब मंच पर सुबे के मुखिया नीतीश कुमार और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ होंगे तो इसका मतलब बिहार का सर्वांगीण विकास निश्चित है। बेगूसराय जो सदैव से राजनीतिक सामाजिक आर्थिक सक्रियता की वजह से सुबे ही नहीं संपूर्ण राष्ट्र में अपनी एक अलग पहचान रखता है उसकी भूमिका संकल्प रैली में उसी स्तर की होगी।

मौके पर लोजपा जिलाध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि एक मंच एक सोच के साथ पटना में संकल्प रैली का आयोजन आगामी लोकसभा चुनाव में पुनः मजबूत सरकार के निर्माण के लिए संकल्पित होगा। संकल्प रैली को ऐतिहासिक व अभूतपूर्व बनाने के लिए एनडीए के कार्यकर्ता उत्साह से जुड़े हुए हैं और इस कार्यक्रम को अंतिम रूप देने तक हमारा उत्साह निरंतर बना रहेगा और हम संकल्प रैली को ऐतिहासिक रैली बना कर ही दम लेंगे। कार्यकर्ताओं को ले जाने के लिए रात के 11:00 बजे खगड़िया से विशेष ट्रेन खुलेगी जो विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए बेगूसराय होकर पटना को जाएगी एवं वापस वहीं ट्रेन शाम के 4:00 बजे पटना से खुलकर खगरिया वापस आएगी। इस मौके पर कृष्णमोहन पप्पू, राम विनय सिंह, रामसुंदर कुशवाहा, बलराम सिंह, रूपेशमणि सिंह, रौनक कुमार, कुन्दन भारती, आयुष ईश्वर, आर्यन सिन्हा, मुकेश रॉय,मंटुन कुमार,प्रदीप पाठक, प्रिंस कुमार,समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

swatva

(रामकल्याण सिंह)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here