मातृशक्ति सम्मेलन: महिलाओं की समस्या को भारतीय संदर्भ में देखने की आवश्यकता

0

पटना: समाज के समग्र विकास में महिलाओं की अग्रणी भूमिका को स्मरण दिलाने के लिए मातृशक्ति सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में समाज जीवन के विभिन्न भागों में सक्रिय रहनेवाली मातृशक्ति ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम बिहार विधान परिषद के सभागार में आयोजित किया गया था। मातृशक्ति सम्मेलन का प्रस्तावना महिला समन्वय की प्रांत संयोजिका प्रो० पूनम सिंह द्वारा प्रस्तुत किया।

सम्मेलन की मुख्य वक्ता और महिला समन्वय की अखिल भारतीय संयोजक मीनाक्षी ताई पेशवा थी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय नारी प्रारंभ से ही सामाजिक कार्यों में आगे रही हैं। घर के दायित्वों को निभाते हुए भी उन्होंने अपना सामाजिक दायित्व पूरा किया है। भारत के आंदोलन का इतिहास महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। उन्होंने महिलाओं की समस्या, समाधान और देश के विकास में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सामाजिक संवेदनशीलता के बारे में विस्तार से चर्चा की।

swatva

राष्ट्र सेविका समिति की सह कार्यवाहिका सुनीता हल्देकर ने कार्यक्रम के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्त्री और पुरुष समाज के दो महत्वपूर्ण और पूरक इकाई हैं। महिलाओं की समस्या केवल महिलाओं की समस्या नहीं अपितु पूरे समाज की समस्या है। आज आवश्यक है कि महिलाओं के प्रति समाज का दृष्टिकोण और रूढ़िवादी विचार बदले। इस सामाजिक बदलाव के लिए समाज के सभी घटकों को आगे आना होगा। महिला समन्वय का मुख्य कार्य महिलाओं की समस्या को भारतीय संदर्भ में देखना और तदनरूप उसका समाधान भारतीय चिंतन और परंपराओं के आलोक में ढूंढना है।

प्रातः 9 बजे से प्रारंभ होकर दिन भर चलनेवाले सम्मेलन में कई सत्र आयोजित किए गए थे। गट सह चर्चा में तनुजा मिश्रा, डॉ. नमिता, डॉ. वीणा सिंह और इंदिरा ने भ्रूण हत्या, महिलाओं की चुनौतियां, समाज और महिला जैसे विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।

समापन सत्र को राष्ट्र सेविका समिति की सह कार्यवाहिका सुनीता हल्देकर और पटना की महापौर सीता साहू ने संबोधित किया। समापन सत्र में अपनी प्रतिभा से अपनी पहचान बनानेवाली मातृ शक्ति को सम्मानित किया गया। इसमें महिला उद्यमी श्रीमती मीना कुशवाहा, राष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी मधुलिका तिवारी, युवा तैराक आन्या बरनवाल, पारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता वैष्णवी, अपने योगासन से अंतर्राष्ट्रीय पहचान बनानेवाली साक्षी कुमारी इत्यादि शामिल हैं। इस अवसर पर महिला समन्वय की बिहार प्रमुख डॉ. पूनम सिंह, बीएन मंडल विश्वविद्यालय की प्रति कुलपति प्रो आभा सिंह, पूर्व विधान पार्षद डॉ किरण घई, पटना उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश और चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की पूर्व कुलपति न्यायमूर्ति मृदुला मिश्रा, राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रांत कार्यवाहिका कमला सिंह इत्यादि उपस्थित थीं। कार्यक्रम में पटना के कई महाविद्यालयों की बहनें उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्र सेविका समिति की सह प्रांत कार्यवाहिका निवेदिता सिंह ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here